महिला हॉकी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सही संयोजन तैयार करने उतरेगा भारत

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 02:56 PM
महिला हॉकी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सही संयोजन तैयार करने उतरेगा भारत
ऑडियो सुनें

पर्थ: भारतीय महिला हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन उतारेगी और रक्षण से जुड़ी कुछ कमजोरियों को ठीक करने की कोशिश करेगी। यह श्रृंखला जून में होने वाले एफआईएच प्रो लीग मैचों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और भारत के मुख्य कोच हरेंद्र ंिसह इसके लिए अपने कोर ग्रुप की पहचान करने की उम्मीद कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया ए टीम से लगातार दो हार के साथ दौरे की शुरूआत करने के बाद भारत दमदार प्रदर्शन के साथ वापसी करने के लिए बेताब होगा। हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार हरेंद्र ंिसह ने कहा, ‘‘पहले दो मैच में अधिकतर खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला है और अब हम खिलाड़ियों के बीच सर्वश्रेष्ठ संयोजन आजमाएंगे। मैं इसका इंतजार कर रहा हूं क्योंकि इसी तरह हम उन खिलाड़ियों की पहचान करेंगे जो यूरोप में आगामी प्रो लीग मैचों में खेल सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले नई खिलाड़ियों को कम से कम 35 मैच खेलने चाहिए। ऐसे टूर्नामेंटों की तैयारी करते समय हम यही लक्ष्य ध्यान में रखते हैं। ’’ ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत शुरूआती मैच में 3-5 से और दूसरे मैच में 2-3 से हार गया था। इन नतीजों के बावजूद हरेंद्र टीम के प्रयासों से खुश दिखे।

कोच ने कहा, ‘‘दोनों मैचों में हमने कुछ आसान गोल खाए हैं जो निराशाजनक थे, लेकिन इसके अलावा हमने कडी चुनौती पेश की। यह टेस्ट श्रृंखला है और इसमें जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करना होता है।’’

हरेंद्र ने कहा, ‘हमारी टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो पहली बार विदेश दौरे पर आए हैं। मैं युवा खिलाड़ियों को मौका दे रहा हूं ताकि वह भविष्य के लिए तैयार रहें।’ सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारत की 26 सदस्यीय टीम को अब गुरुवार, शनिवार और रविवार को अगले तीन मैचों में आॅस्ट्रेलिया की सीनियर टीम के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

पिछली बार जब इन दोनों टीम का आमना सामना हुआ था तब भारत ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023-24 के दौरान 1-0 से जीत हासिल की थी और अब उसका लक्ष्य इसी तरह का परिणाम हासिल करना होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital