सोनिया गांधी और अश्विनी वैष्णव सहित 14 सांसदों ने राज्यसभा सदस्य के रूप ली शपथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Apr 2024 09:19 PM
सोनिया गांधी और अश्विनी वैष्णव सहित 14 सांसदों ने राज्यसभा सदस्य के रूप ली शपथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत 14 सांसदों ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली. उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नए संसद भवन में उन्हें शपथ दिलाई. सोनिया गांधी ने राजस्थान से उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली जबकि वैष्णव ने ओडिशा से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली.

कर्नाटक से कांग्रेस नेता अजय माकन, उत्तर प्रदेश से भाजपा नेता आरपीएन सिंह और पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समिक भट्टाचार्य उन 14 नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली. आंध्र प्रदेश से वाईएसआरसीपी नेता गोला बाबू राव, मेधा रघुनाथ रेड्डी और येरम वेंकट सुब्बा रेड्डी ने भी राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली.
सभी ने बाद में राज्यसभा सभापति के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई.

सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा की सदस्य बनी हैं. उन्होंने सदन के नेता पीयूष गोयल और कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में शपथ ली. शपथ ग्रहण के दौरान उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद थीं. राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और महासचिव पी सी मोदी भी इस मौके पर मौजूद थे.

लोकसभा में 25 साल रहने के बाद सोनिया ने राज्यसभा में संसदीय पारी शुरू की
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली और इसी के साथ उच्च सदन में उनकी संसदीय पारी का आगाज हुआ. सोनिया गांधी 25 साल तक लोकसभा की सदस्य रहने के बाद राज्यसभा पहुंची हैं. वह राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं. उन्होंने उच्च सदन में मनमोहन सिंह का स्थान लिया है जिनका राजस्थान से राज्यसभा का कार्यकाल तीन अप्रैल को पूरा हुआ.

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें शपथ दिलाई. इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे. 77 वर्षीय सोनिया गांधी ने हिंदी भाषा में शपथ ली. उच्च सदन में यह सोनिया गांधी का पहला कार्यकाल होगा. कांग्रेस नेता उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती थीं. वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी. 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वह पहली बार सांसद चुनी गईं थी. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सोनिया गांधी राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी. इंदिरा गांधी अगस्त 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu