ईरान के अल्बोर्ज प्रांत में 18 की मौत; एयरपोर्ट-रिहायशी इलाकों पर हमले, इस्राइल पर मिसाइल से पलटवार

तेहरान/तेल अवीव: अमेरिका-इस्राइल ने मंगलवार को ईरान पर किए गए हमलों में खोर्रमाबाद हवाई अड्डे को निशाना बनाया है। वहीं, ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इस्राइल ने ईरानियों को चेतावनी जारी करते हुए ट्रेनों और रेलवे लाइनों से बचने को कहा है। इस्राइल ने फारसी भाषा में जारी किए गए संदेश में कहा कि ऐसे करने पर उनके जीवन को खतरा हो सकता है। वहीं, ईरान के अल्बोर्ज प्रांत पर अमेरिकी-इस्राइली हमले में मारे गए 18 लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

ईरान के 17 रिहायशी इलाकों पर अमेरिका-इस्राइल ने बरसाए बम
ईरानी रेड क्रिसेंट संगठन ने मंगलवार को बताया कि अमेरिका और इस्राइल ने ईरान को 17 रिहायशी इलाकों पर बमबारी की है। एक्स पर किए गए पोस्ट में संगठन ने कहा, “नागरिकों पर हमला करने का कोई औचित्य नहीं है। अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून स्पष्ट रूप से कहते हैं कि निहत्थे नागरिकों पर हमला करना युद्ध अपराध है।” वहीं, ईरानी मीडिया ने बताया कि देश में रात भर चले अमेरिकी-इस्राइली हमलों में 15 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इस्राइल पर दागीं मिसाइलें
अमेरिकी-इस्राइली हमलों के जवाब में ईरान ने भी इस्राइल पर कई मिसाइलें दागी हैं। इस्राइली मीडिया के अनुसार ईरान द्वारा कई मिसाइलें दागे जाने के बाद मध्य इस्राइल में काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, इस्राइल ने कई मिसाइलों को रोकने का भी दावा किया है। द टाइम्स ऑफ इस्राइल ने बचाव सेवाओं के हवाले से बताया कि यह क्षति ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल से दागे गए क्लस्टर सबमुनिशंस के कारण हुई थी।

सभी शहरों में मिसाइल लॉन्चर सक्रिया, ईरान कर रहा ताबड़तोड़ जवाबी हमले
ईरान के सैन्य सूत्रों के अनुसार अमेरिका और इस्राइल की आक्रामकता के बावजूद सभी शहरों में मिसाइल लॉन्चर सक्रिय हैं और रोजाना ही मिसाइलें दागी जा रही हैं। फार्स न्यूज की रिपोर्ट में एक सैन्य सूत्र ने बताया है कि ईरान की मिसाइल आक्रमण क्षमताओं को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है। नई टीमों की तैनाती के साथ दुश्मनों के हवाई हमलों को बहुत तेजी से बेअसर किया जा रहा है।

तेहरान में भी सुनाई दिए धमाके
तेहरान के आसमान में कई लड़ाकू विमानों के उड़ने की खबरें सामने आई हैं। अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक तेहरान में बड़े धमाके सुने गए हैं। ईरान पर अचानक बढ़े इन हमलों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी से जोड़कर देखा जा रहा है। ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात आठ बजे तक समझौता करने को कहा था। उन्होंने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ईरान का हर एक पुल और हर एक ऊर्जा संयंत्र तबाह कर दिया जाएगा।

इस्राइल ने किया शिराज पेट्रोकेमिकल ठिकाने पर हवाई हमले का दावा
इस्राइली सेना ने दावा किया है कि उसने दक्षिण-पश्चिमी ईरान के शिराज में एक और पेट्रोकेमिकल परिसर पर हमला किया है। एक बयान में सेना ने कहा कि इस पेट्रोकेमिकल परिसर में ईरानी शासन के सशस्त्र बलों के लिए नाइट्रिक एसिड का उत्पादन किया जाता था। इस्राइली सेना ने दावा किया कि यह परिसर ईरान में विस्फोटकों के लिए महत्वपूर्ण रासायनिक घटकों और बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास के लिए सामग्री का उत्पादन करने वाले आखिरी बचे परिसरों में से एक था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button