जहरीली शराब का सेवन करने से 20 लोगों की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 01:57 PM
जहरीली शराब का सेवन करने से 20 लोगों की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

सीवान: बिहार के सीवान जिले में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हो गई। सीवान सदर अस्पताल के सिविल सर्जन ने बताया कि जहरीली शराब पीने से अब तक 20 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा, जहरीली शराब का सेवन करने वाले लोग अभी भी इलाज के लिए अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

छपरा एसपी ने बताया कि छपरा में भी इस घटना के कारण 4 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने बुधवार को बताया था कि मंगलवार शाम कौड़िया वैसी टोला गांव में उल्टी, सिरदर्द और पेट दर्द जैसे लक्षणों के साथ लोगों को इलाज के लिए भगवानपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जब उनकी हालत पहले से और ज्यादा बिगड़ गई तो उन्हें सीवान के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि मृतकों की संख्या जिला प्रशासन द्वारा पुष्टि की गई संख्या से अधिक है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़ितों ने मंगलवार शाम को जहरीली शराब पी थी और रात 9 बजे के आसपास लक्षण दिखने लगे। जहां एक तरफ पीड़ितों के परिवार यह दावा कर रहे हैं कि यह सारी मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। वहीं, जिला मजिस्ट्रेट गुप्ता ने बुधवार को कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

छपरा (मुख्यालय) के एएसपी राकेश कुमार ने बुधवार को बताया था कि हमें मंगलवार को शराब पीने वाले तीन लोगों के बारे में जानकारी मिली है। उन्हें सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया और उनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हम घटना की जांच कर रहे हैं। सीवान और सारण में हुई दोनों घटनाओं की फिलहाल जांच चल रही है। अधिकारी मौतों के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के लिए सीधे तौर पर जहरीली शराब जिम्मेदार है या नहीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav