गाजा में इजराइली हमलों में 59 लोग मारे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 May 2025 07:27 PM
गाजा में इजराइली हमलों में 59 लोग मारे गए
ऑडियो सुनें

दीर अल बलाह/बेरूत. गाजा में इजराइली हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 59 लोग मारे गए. अस्पताल के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इजराइल हमास के खिलाफ अपने अभियान को तेज करने की तैयारी कर रहा है. अल-अक्सा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात को एक स्कूल पर हमला किया गया, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि मारे गये लोगों में नौ महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं.

इस स्कूल में सैकड़ों विस्थापित फलस्तीनी लोगों ने शरण ली हुई है. अल-अहली अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार गाजा शहर में एक अन्य स्कूल पर तड़के हुए हमले में 16 लोग मारे गए जबकि अन्य क्षेत्रों में किए गए हमलों में कम से कम 16 अन्य लोगों की मौत हो गई. इजराइली सेना ने इन हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

लेबनान में इजराइली ड्रोन हमले में हमास के सदस्य की मौत

दक्षिण लेबनान में बुधवार को तड़के एक कार पर हुए इजराइली ड्रोन हमले में फलस्तीन के चरमपंथी समूह हमास के एक अधिकारी की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. हमास ने एक बयान में कहा कि हमास की सैन्य शाखा का सदस्य खालिद अहमद अल-अहमद इस हमले में उस समय मारा गया जब वह सुबह की नमाज अदा करने के लिए मस्जिद जा रहा था. इजराइल की सेना ने पुष्टि की कि उसने अल-अहमद को निशाना बनाया था. उसने कहा कि वह दक्षिणी लेबनान में हमास का कमांडर था और इजराइल पर किए गए कई हमलों में शामिल था.

इजराइली सेना 19 महीने से अधिक समय से लेबनान में हमास के सदस्यों को निशाना बना रही है, जहां हमास की सैन्य मौजूदगी है.
सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से समूह ने लेबनान से रॉकेट हमले भी किए हैं और हाल के हफ्तों में लेबनानी अधिकारियों ने इजराइल की ओर रॉकेट दागने के संदेह में हमास से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया है. लेबनानी अधिकारियों ने पिछले हफ्ते हमास को चेतावनी दी थी कि अगर उसने लेबनान से कोई हमला किया तो उसे “कठोर कार्रवाई” का सामना करना पड़ेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu