पूर्व प्रधान न्यायाधीश खेहर, नृत्यांगना शोभना समेत 68 हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 10:54 PM
पूर्व प्रधान न्यायाधीश खेहर, नृत्यांगना शोभना समेत 68 हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजा गया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर, नृत्यांगना शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता अनंत नाग और प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिर्विसटी की कुलपति सोनिया नित्यानंद समेत 68 प्रतिष्ठित लोगों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. गत 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नागरिक पुरस्कारों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म के लिए कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नामों की घोषणा की गई थी.

राष्ट्रपति ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य की उपस्थिति में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 68 चयनित लोगों को पुरस्कार प्रदान किए. इससे पहले गत 28 अप्रैल को पहले सम्मान समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से विभूषित किया था.

मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) खेहर को सार्वजनिक मामलों के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया, जबकि दिवंगत कथक नृत्यांगना कुमुदिनी रजनीकांत लखिया और दिवंगत प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के लिए यह सम्मान क्रमश: लखिया के पोते और सिन्हा के बेटे ने ग्रहण किया.

राष्ट्रपति ने समारोह के दौरान नौ प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म भूषण सम्मान से नवाजा, जिनमें नृत्यांगना और अभिनेत्री शोभना चंद्रकुमार, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी, पुरातत्वविद् कैलाश नाथ दीक्षित, नर्तक जतिन गोस्वामी, अभिनेता अनंत नाग और साध्वी ऋतंभरा शामिल थीं. अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के लिए यह सम्मान देबरॉय की पत्नी और जोशी के बेटे ने ग्रहण किया.

पद्म सम्मान से नवाजे गए लोगों में प्रमुख प्रतिरक्षाविज्ञानी और केजीएमयू की कुलपति सोनिया नित्यानंद, फुटबॉलर ई मणि विजयन, गायिका अश्विनी भिडे देशपांडे, अभिनेता अशोक लक्ष्मण सराफ, मास्क निर्माता रेबा कांता महंत और संगीतकार रिकी ज्ञान केज शामिल रहे.

प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और अभिनय प्रशिक्षक बैरी जॉन, लोक संगीतकार तथा प्रसिद्ध पराई वादक वेलु आसन, व्यवसायी सज्जन भजनका, डॉ. नीरजा भटला, वैज्ञानिक अजय वी भट्ट, लेखक संत राम देसवाल, आध्यात्मिक नेता आचार्य जोनास मेजेट्टी और फारूक अहमद मीर अन्य पद्म पुरस्कार विजेताओं में शामिल थे. ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं.

पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है; पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है. गत 2014 में जब से नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से उसने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करके ‘गुमनाम नायकों’ का सम्मान करना शुरू कर दिया है, इस प्रकार पद्म पुरस्कारों को ‘लोगों के पद्म’ में बदल दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu