पूर्वी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 83 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Jun 2025 10:44 PM
पूर्वी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 83 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से 33 नाबालिगों समेत 83 बांग्लादेशी नागरिकों को राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रहने के आरोप में पकड़ा है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध प्रवासियों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए नवंबर 2024 में शुरू किए गए विशेष अभियान का हिस्सा है. अधिकारी ने कहा, ”अभियान के तहत अब तक कुल 120 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है.” उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए 83 लोगों में 44 महिलाएं और 39 पुरुष हैं.

अधिकारी ने बताया कि ये लोग मंडावली, मयूर विहार, कल्याणपुरी, गाजीपुर तथा आनंद विहार जैसे इलाकों में रहते पाए गए.
उन्होंने कहा, ”एक गुप्त सूचना के आधार पर 24 जून को चिह्नित इलाकों में कई जगह छापेमारी की गई. हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े फोटो और दस्तावेजों सहित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए.” पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पकड़े गए लोग भारत-बांग्लादेश सीमा पर अनधिकृत नदी मार्गों से अवैध रूप से भारत में घुसे थे और उनके पास वैध पहचान पत्र या यात्रा दस्तावेज नहीं थे. उन्होंने बताया कि विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के साथ समन्वय करके कानूनी निर्वासन औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. एफआरआरओ मुख्य रूप से भारत में विदेशी नागरिकों के पंजीकरण और उनके प्रवास की निगरानी के लिए जिम्मेदार है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu