AIFF अप्रैल में शुरू करेगा पुरुष अंडर-20 राष्ट्रीय चैम्पियनशिप, आयोजन नारायणपुर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Feb 2024 07:51 PM
AIFF अप्रैल में शुरू करेगा पुरुष अंडर-20 राष्ट्रीय चैम्पियनशिप, आयोजन नारायणपुर में
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को घोषणा की कि पुरुष अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल चैम्पियनशिप अप्रैल में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आयोजित की जायेगी. एआईएफएफ के कैलेंडर की इस नयी प्रतियोगिता को स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल चैम्पियनशिप के नाम से जाना जाएगा जो छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित होगी.

कोविड-19 महामारी के दौरान राष्ट्रीय अंडर-21 प्रतियोगिता बंद हो गयी थी. इसके बाद एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पिछले साल सीनियर लड़कों की प्रतियोगिता को फिर से शुरू करने की जरूरत पर जोर दिया था. एआईएफएफ की विज्ञप्ति में उन्होंने कहा, ”मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि इस साल हमारे फुटबॉल कैलेंडर में अंडर-20 एनएफसी प्रतियोगिता की वापसी हो रही है जिससे पिछले कुछ वर्षों में हमारे युवाओं के लिए अंडर 17 युवा लीग से संतोष ट्रॉफी के बीच पैदा हुआ बड़ा अंतर कम हो जायेगा. ”

चौबे ने कहा, ”पेशेवर करियर में प्रवेश के लिए अंडर-20 वर्ग की प्रतियोगिता एक खिलाड़ी की जिंदगी में अहम होती है. अब इस अंडर-20 प्रतियोगिता से सब जूनियर से संतोष ट्राफी तक की युवा स्तर की प्रतिस्पर्धा संरचना पूरी हो जायेगी. ” एआईएफएफ अपने सभी राज्य सदस्य संघों को अंडर-20 प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए आमंत्रित करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu