उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार ‘जंगलराज की गारंटी’ है : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Mar 2024 08:40 PM
उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार ‘जंगलराज की गारंटी’ है : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में अपराध की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य में डबल इंजन सरकार “जंगलराज की गारंटी” है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भाजपा और मोदी मीडिया मिल कर कैसे ‘झूठ का कारोबार’ कर रहे हैं, उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था उसका सबसे बड़ा उदाहरण है.”

उन्होंने दावा किया, “कहीं पेड़ से लटके नाबालिग बहनों के शव, तो कहीं ईंटों से कुचल कर हत्या की वारदात. कहीं भाजपाइयों द्वारा आईआईटी-बीएचयू कैंपस में सामूहिक दुष्कर्म का दुस्साहस, तो कहीं न्याय न मिलने पर आत्महत्या को मजबूर महिला जज.” कांग्रेस नेता ने कहा, “ये उस प्रदेश का हाल है जिसकी कानून-व्यवस्था का गुणगान करते मोदी मीडिया थकता नहीं है.”

उन्होंने कहा, “हाल ही में रामपुर में आंबेडकर स्मारक की मांग पर 10वीं की परीक्षा देकर लौटते दलित छात्र की हत्या यूपी की जर्जर कानून-व्यवस्था का सबसे वीभत्स उदाहरण है.” राहुल गांधी का कहना है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपाई तंत्र और अपराधियों के इस गठबंधन के खिलाफ आज हर जिले, हर तहसील में विरोध प्रदर्शन कर न्याय की आवाज बुलंद करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया, “मोदी मीडिया द्वारा गढ.ी गई झूठी छवि से बाहर निकल कर अब सच्चाई देखने का वक्त है, डबल इंजन सरकार ‘जंगलराज की गारंटी’ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu