रामलला दर्शन योजना : छत्तीसगढ़ के 850 श्रद्धालु 5 मार्च को जाएंगे अयोध्या धाम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 07:37 PM
रामलला दर्शन योजना : छत्तीसगढ़ के 850 श्रद्धालु 5 मार्च को जाएंगे अयोध्या धाम
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय श्रीरामलला दर्शन योजना के लिए छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलाई जा रही विशेष ट्रेन को 5 मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहेंगे. मुख्यमंत्री साय रामलला दर्शन के लिए जाने वाली विशेष ट्रेन को कल सुबह 10.30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 07 से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस विशेष ट्रेन में रायपुर संभाग के सभी 05 जिलों के 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम का दर्शन कराया जाएगा.

गौरतलब है कि 12 कोच वाली इस ट्रेन में एक बार में छत्तीसगढ़ के करीब 850 श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा सकेंगे. इस विशेष ट्रेन का संचालन 5 मार्च से प्रारंभ हो रहा है. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार बड़ी तेजी से मोदी जी की गारंटी को पूरा करने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां रहने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी. इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा.

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अग्रवाल ने बताया कि सभी जिला कलेक्टरों ने हितग्राहियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त कर उनकी जांच की है और जिलेवार निर्धारित कोटे के अनुसार यात्रियों की सूची तैयार की है. सूची आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नोडल एजेंसी को भेजी गई. प्रत्येक जिले से 40 यात्रियों पर एक अनुरक्षक भी भेजा जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में अयोध्या के साथ-साथ इस ट्रेन के माध्यम से काशी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन और प्रयागराज तीर्थ भ्रमण की व्यवस्था भी की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu