दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे मोदी, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 10:09 PM
दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे मोदी, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
ऑडियो सुनें

तेजपुर/गुवाहाटी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को असम पहुंचे. इस दौरान वह 18 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. मोदी दोपहर में तेजपुर के सलोनीबारी हवाई अड्डे पहुंचे, जहां असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और अन्य ने उनका स्वागत किया.

इसके बाद वह केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य के कृषि मंत्री अतुल बोरा, शर्मा और अन्य लोगों के साथ एक हेलीकॉप्टर से काजीरंगा के पनबारी के लिए रवाना हुए और वहां पहुंचने पर एक बार फिर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री ने पनबारी हेलीपैड से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में सेंट्रल कोहोरा रेंज के पास पुलिस अतिथि गृह तक लगभग 15 किलोमीटर का रास्ता सड़क मार्ग से तय किया.

अतिथि गृह के रास्ते में लोगों की कतारें लगी थीं और मोदी ने अपने वाहन के पायदान पर खड़े होकर उनका अभिवादन किया.
रास्ते में पारंपरिक बिहू और अन्य लोक गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, तथा मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर उनकी प्रशंसा की.

प्रधानमंत्री ने प्रस्तुतियों की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ” असम के गोलाघाट जिले में एक बहुत ही विशेष स्वागत हुआ. असम की विविध और सुंदर संस्कृति की झलक मिली.” मोदी अतिथि गृह पहुंचे, जहां वह रात बिताएंगे. इसके बाद शर्मा ने कहा कि यह असम के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री उनके बीच हैं.

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ” जैसे ही माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे, ‘मोदी परिवार असम’ विश्व धरोहर स्थल पर अपने परिवार के सदस्य का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में आया.” एक अन्य पोस्ट में, मुख्यमंत्री ने कहा, “दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता, हमारे परिवार के बुजुर्ग, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का काजीरंगा में हार्दिक स्वागत है.” अधिकारियों ने पहले बताया था कि मोदी शनिवार तड़के जंगल सफारी करेंगे और इसके लिए जीप एवं हाथी सफारी दोनों की व्यवस्था की गई है.

उन्होंने बताया कि मोदी वहां करीब दो घंटे रहेंगे. इसके बाद वह अरुणाचल प्रदेश रवाना होंगे, जहां वह दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
वह दोपहर में जोरहाट लौटेंगे और महान अहोम सेनापति लचित बोरफुकन की 125 फुट ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ वेलर’ (बहादुरी की प्रतिमा) का उद्घाटन करेंगे. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद मोदी मेलेंग मेतेली पोथार जाएंगे, जहां वह लगभग 18,000 करोड़ रुपये की केंद्रीय और राज्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे और बाद वह पश्चिम बंगाल रवाना होंगे. प्रधानमंत्री ने चार फरवरी को असम का दौरा किया था और 11,600 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu