चुनाव के चलते सरकार ने ‘अग्निपथ’ में खामियां स्वीकारीं, माफी मांगे: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Mar 2024 07:01 PM
चुनाव के चलते सरकार ने ‘अग्निपथ’ में खामियां स्वीकारीं, माफी मांगे: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रक्षा राजनाथ सिंह द्वारा ‘अग्निपथ’ योजना के बारे में दिए गए बयान को लेकर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सरकार ने लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने के बाद अब चुनाव के चलते इस योजना में खामियां स्वीकारी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इसके लिए युवाओं से माफी मांगनी चाहिए. राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को एक टेलीविजन चैनल के कार्यक्रम में ‘अग्निपथ’ योजना का बचाव करते हुए कहा कि युवाओं की भर्ती से जोखिम लेने की भावना बढ़ेगी और प्रौद्योगिकी-कुशल सशस्त्र बल तैयार होंगे.

रक्षा मंत्री ने कहा कि आज प्रौद्योगिकी का युग है और भारतीय युवाओं को भी प्रौद्योगिकी कुशल होना चाहिए. सिंह ने कहा कि अग्निवीर जवानों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कदम उठाए गए हैं, जिसमें अर्द्धसैन्य बलों में उनके लिए आरक्षण का प्रावधान भी शामिल है. उन्होंने कहा, ”अगर हमें कोई कमियां दिखती हैं तो हम उन्हें सुधारने के लिए तैयार हैं.” खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”देश के रक्षा मंत्री ने (बशर्त) कहा है कि वो ‘अग्निपथ’ योजना में सुधार व बदलाव करने के लिए तैयार हैं. इससे पता चलता है कि मोदी सरकार द्वारा लाखों देशभक्त युवाओं पर थोपी गयी ‘अग्निपथ’ योजना अब काम नहीं कर रही है.”

उन्होंने कहा, ”पहले तो मोदी सरकार ने हमारे लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ क.यिा, अब चुनाव के चलते अग्निपथ योजना में खामियों को मानने की बात की है. उन्हें हमारे देशभक्त युवाओं से पहले माफी मांगनी चाहिए.” उनका कहना था, ”कांग्रेस ने वादा किया है कि हमारी सरकार अग्निपथ योजना को बंद करेगी. अग्निपथ योजना ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर किया है. अब कोई भी युवा केवल चार वर्ष के लिए सेना में भर्ती नहीं होना चाहता.”

खरगे ने कहा, ”हाल ही में पूर्व सेनाध्यक्ष (सेवानिवृत्त) जनरल एमएम नरवणे जी ने बताया कि अग्निपथ योजना में 75 प्रतिशत लोगों को लेना था और 25 प्रतिशत लोगों को सेवा मुक्त करना था. पर मोदी सरकार ने इससे उल्टा किया, और ये योजना तीनों सैन्य बलों पर जबरदस्ती लागू कर दी.” उन्होने दावा किया, ”भाजपा के चुनावी जुमलों को देश का जागृत युवा सिरे से खारिज करेगा. उनके भविष्य को अंधकारमय बनाने के लिए भाजपा दोषी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu