कोहली का अर्धशतक, आरसीबी ने नाइट राइडर्स को 183 रन का दिया लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Mar 2024 09:54 PM
कोहली का अर्धशतक, आरसीबी ने नाइट राइडर्स को 183 रन का दिया लक्ष्य
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ छह विकेट पर 182 रन बनाए. कोहली ने 59 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों से नाबाद 83 रन की पारी खेलने के अलावा कैमरन ग्रीन (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 और ग्लेन मैक्सवेल (28) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी भी की. दिनेश कार्तिक ने अंत में आठ गेंद में तीन छक्कों की मदद से 20 रन बनाए.

केकेआर की ओर से आंद्रे रसेल ने 29 जबकि र्हिषत राणा ने 39 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए. नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. कोहली ने मिशेल स्टार्क (बिना विकेट के 47 रन) की पारी की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला जबकि कप्तान फाफ डुप्लेसी (08) ने र्हिषत राणा पर छक्का मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज की अगली गेंद को शॉर्ट थर्ड मैन पर स्टार्क के हाथों में खेल गए.

कोहली ने अगले ओवर में स्टार्क की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि ग्रीन ने भी चौके से खाता खोला. ग्रीन ने 500वां टी20 खेल रहे सुनील नारायण का स्वागत छठे ओवर में लगातार दो चौकों और एक छक्के के साथ किया जिससे आरसीबी ने पावर प्ले में एक विकेट पर 61 रन बनाए. कोहली ने भी इस ऑफ स्पिनर पर छक्का जड़ा. ग्रीन ने आंद्रे रसेल पर अपना दूसरा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने 21 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के मारे.

कोहली ने लेग स्पिनर वरूण चक्रवर्ती पर छक्का और एक रन के साथ 36 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया. मैक्सवेल ने चक्रवर्ती पर लगातार दो चौकों के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. वह हालांकि नारायण के अगले ओवर में भाग्यशाली रहे जब डीप मिडविकेट पर रमनदीप सिंह ने उनका कैच टपका दिया. मैक्सवेल ने र्हिषत पर भी छक्का जड़ा और अगली गेंद पर इस शॉट को दोहराने की कोशिश में गेंद में हवा में लहरा गए लेकिन इस बार शॉर्ट थर्ड मैन पर नारायण उनका कैच लपकने में नाकाम रहे.

मैक्सवेल हालांकि दो जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और अगले ओवर में नारायण की गेंद पर रिंकू सिंह के हाथों लपके गए.
रसेल ने इसके बाद रजत पाटीदार (03) जबकि र्हिषत ने अनुज रावत (03) को आउट करके आरसीबी का स्कोर पांच विकेट पर 151 रन किया. कार्तिक ने आते ही रसेल पर दो छक्के मारे. उन्होंने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले स्टार्क पर भी छक्का जड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu