केकेआर-रॉयल्स, गुजरात-दिल्ली आईपीएल मैच का कार्यक्रम बदला: बीसीसीआई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 07:15 PM
केकेआर-रॉयल्स, गुजरात-दिल्ली आईपीएल मैच का कार्यक्रम बदला: बीसीसीआई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के घरेलू मैच को मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन 16 अप्रैल को कराने का फैसला किया गया जबकि गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अहमदाबाद में होने वाले मैच के कार्यक्रम में भी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बदलाव किया है. बीसीसीआई ने हालांकि ऐसा करने का कोई कारण नहीं बताया.

पीटीआई ने सोमवार को अपनी खबर में कहा था कि केकेआर और रॉयल्स के बीच 17 अप्रैल को होने वाले मुकाबले के कार्यक्रम में राम नवमी के कारण बदलाव लगभग तय है. बीसीसीआई ने हालांकि इन दोनों मैच के कार्यक्रम में बदलाव का कोई कारण नहीं बताया.
बीसीसीआई ने बयान में कहा, ”कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 17 अप्रैल 2024 को होने वाला मुकाबला अब एक दिन पहले 16 अप्रैल 2024 को होगा.”

बोर्ड ने कहा, ”अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को पहले गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच 16 अप्रैल 2024 को मैच की मेजबानी करनी थी. यह मुकाबला अब 17 अप्रैल 2024 को होगा.” पता चला है कि कोलकाता पुलिस ने आईपीएल के 17वें सत्र के केकेआर के तीसरे घरेलू मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताई. इससे तीन दिन पहले ही ईडन गार्डन्स पर लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मुकाबला होना है.

कोलकाता पुलिस ने बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली को लिखे पत्र में कहा था, ”मैच रामनवमी के दिन पड़ रहा है और चुनाव के लिए भी सुरक्षार्किमयों को तैनान किया गया है. इसलिए 17 अप्रैल को मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करना हमारे लिए संभव नहीं होगा.” सात चरण के आम चुनाव के पहले चरण के दौरान 19 अप्रैल को बंगाल में भी मतदान होगा. कोलकाता में मतदान एक जून को होना है.

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से सोमवार को कहा था, ”हां, कैब ने हमें सूचित किया है कि स्थानीय पुलिस ने तारीख को फिर से निर्धारित करने के लिए कहा है और मामले पर विचार किया जा रहा है. हमने अभी तक नई तारीख पर फैसला नहीं किया है.” कैब ने सुझाव दिया था कि मैच को या तो एक दिन पहले (16 अप्रैल) या 24 घंटे बाद 18 अप्रैल को कराया जाए. कैब की ओर से एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा था, ”हमने दो तारीखें सुझाई हैं, 16 या 18 अप्रैल. किसी भी स्थिति में, यह केकेआर का घरेलू मैच है और ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu