प्रधानमंत्री मोदी और हेमा मालिनी के खिलाफ टिप्पणियों के लिए भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Apr 2024 08:55 PM
प्रधानमंत्री मोदी और हेमा मालिनी के खिलाफ टिप्पणियों के लिए भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मथुरा से पार्टी की सांसद हेमा मालिनी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की ताजा टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को विपक्षी दल पर निशाना साधा और कहा कि उसके नेता अपना ‘मानसिक संतुलन’ खो चुके हैं तथा आगामी लोकसभा चुनाव में देश की जनता उसे करारा जवाब देगी.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणदास महंत ने मंगलवार को छत्तीसगढ. में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी पर निशाना साधा था और लोगों से राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जीत सुनिश्चित करने की अपील की थी.
उन्होंने कहा था कि मतदाताओं को ऐसे व्यक्ति को चुनने की जरूरत है जो उनके मुद्दों को उठा सके और ”डंडे से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सिर फोड़ सके.” भाजपा के आईटी प्रभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर भाजपा सांसद और मथुरा सीट से पार्टी उम्मीदवार हेमा मालिनी के खिलाफ ‘अपमानजनक और महिला विरोधी’ टिप्पणी करने का आरोप लगाया.

हालांकि सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ ने झूठ फैलाने के लिए अभिनेत्री हेमा मालिनी से संबंधित टिप्पणी वाले उनके वीडियो में काट-छांट की. उन्होंने यह भी कहा कि वह लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी का सम्मान करते हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”छत्तीसगढ. में चरणदास महंत ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ घटिया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा है कि मोदी का मुकाबला करने के लिए ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो लाठी से मारकर उनका सिर फोड़ सके.”

उन्होंने कहा, ”जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन खोती जा रही है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में लोगों का समर्थन बढ. रहा है.” त्रिवेदी ने हेमा मालिनी के खिलाफ सुरजेवाला की टिप्पणी को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की और उनकी टिप्पणी को ‘आपत्तिजनक और अशोभनीय’ बताया.

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ने महिलाओं का अपमान करने के लिए ‘अपना स्तर बहुत गिरा’ लिया है. उन्होंने कहा, ”हेमा मालिनी, सोनिया गांधी की उम्र की होंगी. आज वह जो कुछ हैं, उन्होंने खुद की मेहनत से वह मुकाम हासिल किया है.” त्रिवेदी ने सुरजेवाला से सवाल किया कि क्या उनकी टिप्पणी उचित है? त्रिवेदी ने कांग्रेस नेताओं द्वारा अब तक प्रधानमंत्री मोदी और महिलाओं के खिलाफ की गई विभिन्न टिप्पणियों का जिक्र किया और कहा, ”देश के लोग लोकसभा चुनावों में इस तरह के अपमान का जवाब देंगे.” भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कांग्रेस से अपने नेताओं के विवादास्पद बयानों पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा जिन्होंने महिलाओं के प्रति असम्मान प्रर्दिशत किया है और मोदी की पिटाई करने का जिक्र किया है.

तावड़े ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्य विपक्षी दल के पास मुद्दे खत्म हो गए हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें पता होना चाहिए कि लोग मोदी के साथ हैं और चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएंगे. सुरजेवाला पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं का सम्मान करने के लिए खड़े होते हैं लेकिन कांग्रेस के नेता उनके प्रति यही विचार रखते हैं. लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे. चुनाव के नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे.

एनसीडब्ल्यू ने हेमा मालिनी के बारे में सुरजेवाला की टिप्पणी के खिलाफ निर्वाचन आयोग का रुख किया

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने अभिनेत्री और मथुरा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हेमा मालिनी के खिलाफ कथित तौर पर अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्वाचन आयोग का रुख किया है. भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर वीडियो साझा किया था, जिसमें कांग्रेस सांसद सुरजेवाला कथित तौर पर सत्तारूढ़ दल पर हमला करते हुए हेमा मालिनी के बारे में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं.

एनसीडब्ल्यू ने कहा कि वह सुरजेवाला की ”बेहद आपत्तिजनक” टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है. एनसीडब्ल्यू ने एक ट्वीट में कहा, ”ये महिला विरोधी टिप्पणियां हैं और किसी महिला की गरिमा के लिए अपमानजनक हैं. एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने औपचारिक रूप से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर सुरजेवाला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और तीन दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने का अनुरोध किया है.” भाजपा ने बुधवार को सुरजेवाला पर हेमा मालिनी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि इस टिप्पणी से पता चलता है कि कांग्रेस महिला विरोधी है और महिलाओं से घृणा करती है.

सूत्रों ने कहा कि सुरजेवाला ने 31 मार्च को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के फरल गांव में ‘इंडिया’ गठबंधन के समर्थन में एक चुनावी रैली के दौरान कथित टिप्पणी की थी. हालांकि सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ ने झूठ फैलाने के लिए हेमा मालिनी से संबंधित टिप्पणी वाले उनके वीडियो में काट-छांट की. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी मालिनी के खिलाफ टिप्पणी के लिए सुरजेवाला को नोटिस जारी किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu