नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी को एकजुट रखने के लिए सबसे बेहतर व्यक्ति हैं और उनकी मौजूदगी का कार्यकर्ताओं पर ”सकारात्मक प्रभाव” पड़ा है. दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री भारद्वाज ने यहां समाचार एजेंसी के मुख्यालय में ‘पीटीआई’ संपादकों के साथ बातचीत में कहा कि सुनीता केजरीवाल ने हमेशा कहा है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री की ”मैसेंजर (संदेशवाहक)” हैं.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. केजरीवाल 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं. वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं. भारद्वाज ने कहा कि किसी पार्टी की राजनीति सिर्फ उसके घोषणापत्र के ईद-गिर्द नहीं घूमती है, बल्कि समर्थन आधार और कार्यकर्ताओं तथा शीर्ष नेतृत्व के बीच भावनात्मक संबंध भी किसी संगठन को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
उन्होंने कहा, ”सुनीता केजरीवाल की मौजूदगी का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है.” भारद्वाज ने कहा, ”वह अरविंद केजरीवाल जी का संदेश पहुंचा रही हैं. इसका हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा है. हम इसका प्रचार-प्रसार करना चाहते हैं. मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी को एकजुट रखने के लिए वह सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं.” अरविंद केजरीवाल की पत्नी ने अब तक तीन डिजिटल प्रेस वार्ता को संबोधित किया है, जिनमें उन्होंने ईडी हिरासत और तिहाड़ जेल से दिये गये मुख्यमंत्री के संदेश पढ.े थे.
सुनीता केजरीवाल ने 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की ‘महारैली’ में अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ.ा था.
यह पूछे जाने पर कि क्या सुनीता केजरीवाल लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगी, उन्होंने कहा, ”यदि सुनीता जी प्रचार में हिस्सा लेती हैं तो हमें अच्छा लगेगा… लेकिन यह उनका निजी फैसला है.” आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बुधवार को अदालत से जमानत मिल गई थी. जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उन्होंने सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था.
इस बारे में बात करते हुए भारद्वाज ने कहा कि यदि किसी का बड़ा भाई किसी परेशानी में होता है तो उनके परिवार की देखभाल करना उनका कर्तव्य है. उन्होंने कहा, ”यह हमारी संस्कृति है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कहना था कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पार्टी के सदस्यों के बीच झगड़े होंगे. संजय सिंह अरविंद केजरीवाल को अपना परिवार, अपना बड़ा भाई मानते हैं. इसलिए उन्होंने उनके (सुनीता केजरीवाल के) पैर छुए. हम एक इकाई और एक परिवार के रूप में काम कर रहे हैं.”
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने रची केजरीवाल को जेल की सलाखों के पीछे डालने की साजिश : संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में जेल की सलाखों के पीछे डालने की साजिश रची.
सिंह ने जेल से बाहर आने के दो दिन बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर केजरीवाल के खिलाफ गलत बयान देने के लिए मगुंटा राघव रेड्डी पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया. रेड्डी दिल्ली आबकारी नीति मामले में आरोपी से सरकारी गवाह बने हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को 21 मार्च को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार किया गया है. सिंह ने कहा कि राघव रेड्डी के पिता, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के खिलाफ 16 सितंबर, 2022 को कार्रवाई की गई थी. सिंह को भी आबकारी नीति मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था.
सिंह ने आरोप लगाया, ”उन (श्रीनिवासुलु रेड्डी) पर केजरीवाल के खिलाफ गलत बयान देने के लिए दबाव डाला गया लेकिन जब उन्होंने इनकार कर दिया तो उनके बेटे राघव रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया. लगातार पूछताछ के बाद राघव रेड्डी ने केजरीवाल के खिलाफ अपना बयान बदल दिया और वह भी एक बड़ी साजिश का हिस्सा बन गए.” सिंह ने आरोप लगाया, ”दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सलाखों के पीछे डालने के लिए एक बड़ी साजिश रची गयी है. शराब घोटाले के लिए भाजपा जिम्मेदार है और पार्टी के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल है.” भाजपा और रेड्डी परिवार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
सिंह ने कहा कि केजरीवाल एक ईमानदार नेता हैं और दिल्ली के लोगों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रदान करना चाहते हैं. सिंह ने कहा, ”केजरीवाल ने ईमानदारी का जीवन जीया है. उनका लक्ष्य बच्चों को अच्छी शिक्षा और दिल्ली के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है.”