बागपत/अलीगढ़. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि हम सिर्फ राम को ही नहीं लाए हैं बल्कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का ‘राम नाम सत्य’ भी करवा देते हैं. योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बागपत में भाजपा सर्मिथत राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) एवं अलीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया.
उन्होंने अलीगढ़ की सभा में कहा, ”हम सिर्फ राम को ही नहीं लाये हैं, बल्कि बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का राम नाम सत्य भी करवा देते हैं.” योगी ने इसके पहले बागपत में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वीरों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की धरती बागपत को नमन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही भूमि है, जहां से अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध महाभारत की नींव पड़ी थी, करीब पांच हजार साल पहले भगवान श्रीकृष्ण ने हस्तिनापुर के राजदरबार में जाकर पांडवों के लिए जिन पांच गांव की मांग की थी, उनमें से एक बागपत भी था. मगर ‘दुर्योधन वह भी दे न सका, आशीष समाज की ले न सका…’, इसलिए महाभारत तो होना ही था. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें भारत माता के महान सपूत और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पावन धरा पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है.
उन्होंने कहा कि इस बार हमारे लिए यह चुनाव और भी महत्व का हो जाता है. पहली बार किसानों के मसीहा के रूप में चौधरी चरण सिंह को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्राप्त हुआ है. यह न केवल कोटि-कोटि अन्नदाताओं का सम्मान है, बल्कि प्रदेश के लोगों का गौरव भी है. योगी ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी का आभार, जिन्होंने चौधरी साहब के मूल्यों और आदर्शों को ध्यान में रखा और अन्नदाताओं के मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनाया और किसान के हित में कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया.”