बेंगलुरु. बेंगलुरु के केआर पुरम में सोमवार को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे की कार के खुले दरवाजे से कथित तौर पर टकराने के बाद हुए हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, घटना क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास हुई. मृतक की पहचान प्रकाश के रूप में हुई है.
करंदलाजे बेंगलुरु-उत्तर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं. प्रकाश चुनाव प्रचार के दौरान करंदलाजे के काफिले के पीछे चल रहे थे.
सूत्रों ने बताया कि मंत्री कार के अंदर थीं और वह चुनाव प्रचार के लिए जा रही थीं. सूत्रों ने बताया कि जैसे ही मंत्री की कार का दरवाजा खुला, प्रकाश उससे टकराकर गिर गया और पीछे से आ रहा एक वाहन उनके ऊपर चढ़ गया. मंत्री ने कहा कि पीछे से आ रही एक बस ने प्रकाश को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दरवाजा करंदलाजे ने खोला था या किसी और ने. बाद में पत्रकारों से बात करते हुए शोभा करंदलाजे ने प्रकाश की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया. मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ”हम सभी दुखी हैं. प्रकाश हमारे सर्मिपत कार्यकर्ता थे. दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं. हम अपनी पार्टी के फंड से प्रकाश के परिवार को मुआवजा देंगे.”