हरियाणा में स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की मौत, लगभग 20 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Apr 2024 08:07 PM
हरियाणा में स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की मौत, लगभग 20 घायल
ऑडियो सुनें

चंडीगढ. हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक बस के पलट जाने से छह विद्यार्थियों की मौत हो गई और करीब 20 घायल हो गये. पुलिस ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटना की जांच के आदेश दिये हैं. पुलिस ने बताया कि बस एक निजी स्कूल की थी. उसने कहा कि चालक तेज गति से बस चला रहा था, जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और बस एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गयी.

कुछ खबरों में दावा किया गया है कि बस चालक शराब के नशे में था. पुलिस ने कहा कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कनीना के उन्हाणी गांव के पास यह हादसा हुआ और बस में 30 बच्चे सवार थे. अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिला अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि देशभर में ईद के त्योहार की छुट्टी होने के बावजूद स्कूल क्यों खुला था.

महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया कि इस हादसे में छह छात्रों की मौत हो गई है जबकि लगभग 20 छात्र घायल हैं. वर्मा से जब बस चालक के नशे में होने संबंधी खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ”चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है जिसके बाद ही हम पुष्टि कर पाएंगे कि वह नशे में था या नहीं.” हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है. उन्होंने पीटीआई-भाषा से फोन पर कहा, ”अभी हमारा ध्यान घायल बच्चों को इलाज मुहैया कराने पर है.” वह घटनास्थल पर जा रही थीं.

जब उनसे पूछा गया कि छुट्टी के दिन स्कूल क्यों खुला था, उन्होंने कहा कि जिला और स्कूल पदाधिकारियों से यह पता लगाया जाएगा.
दुर्घटनास्थल के पास स्थित एक अस्पताल में 20 घायल बच्चों को भर्ती कराया गया. अस्पताल के एक डॉक्टर ने संवाददाताओं को बताया कि चार छात्रों को मृत लाया गया था और उनमें से एक बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक इलाज के बाद घायल छात्रों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए दौड़े और बुरी तरह क्षतिग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकाला.
एक घायल विद्यार्थी ने संवाददाताओं को बताया कि चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया. उसने कहा कि चालक नशे में लग रहा था. कई नेताओं ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दु?खद है. मेरी संवेदनाएं मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है. ईश्वर उन्हें यह दु?ख सहने की शक्ति प्रदान करें. स्थानीय प्रशासन द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुंचाई जा रही है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘एक्स’ पर कहा, ”महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं. मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं. स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह खबर ”दुखद” है. हुड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है… मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल बच्चे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं.”

हरियाणा में स्कूल बस दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु हृदय विदारक : राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को एक बस दुर्घटना में स्कूली बच्चों की मौत की घटना को हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों को ‘इस क्रूर आघात’ को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक बस के पलट जाने से छह विद्यार्थियों की मौत हो गई है और करीब 20 अन्य घायल हो गये हैं.

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है. ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें. मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.” पुलिस ने कहा कि बस एक निजी स्कूल की थी और तेज गति के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया तथा बस एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह पलट गयी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu