तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को संरक्षण देती लेकिन सीएए का विरोध करती है: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 09:00 PM
तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को संरक्षण देती लेकिन सीएए का विरोध करती है: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

बालुरघाट/रायगंज/पूर्णिया/गया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है, लेकिन शरणार्थियों को नागरिकता देने वाले कानून ‘सीएए’ का विरोध कर रही है. मोदी ने बालुरघाट में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल को गुंडों और घुसपैठियों को ”पट्टे” पर दे दिया है.

प्रधानमंत्री ने राज्य में रामनवमी समारोह का कथित तौर पर विरोध करने के लिए सत्तारूढ. तृणमूल की आलोचना की और कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस फैसले को ”सच्चाई की जीत” करार दिया, जिसमें विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को हावड़ा में शोभायात्रा निकालने की अनुमति दी गई थी.

मोदी ने कहा, ”इस साल का रामनवमी समारोह थोड़ा अलग है क्योंकि रामलला अयोध्या में अपने घर लौट आए हैं. लेकिन टीएमसी, पिछले वर्षों की तरह राज्य में रामनवमी समारोहों का विरोध कर रही है.” उच्च न्यायालय ने सोमवार को विहिप को हावड़ा शहर में रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति दे दी थी. साथ ही अदालत ने यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ शर्तें भी लगाई थीं कि कार्यक्रम बिना तनाव के संपन्न हो सके.

प्रधानमंत्री ने कहा कि संदेशखालि में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं से पूरा देश स्तब्ध है. उन्होंने कहा, ”देश ने देखा है कि कैसे टीएमसी सरकार ने संदेशखालि में दोषियों को बचाने की कोशिश की.” संदेशखालि में हाल में महिलाओं ने कुछ टीएमसी नेताओं पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध बड़े पैमाने पर हैं. यहां तक कि जब केंद्रीय एजेंसियां इन भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करने की कोशिश करती हैं तो उन पर भी हमला किया जाता है. ऐसा लगता है कि टीएमसी ने राज्य को घुसपैठियों और गुंडों को पट्टे पर दे दिया है.” मोदी ने कहा, ”पश्चिम बंगाल सरकार घुसपैठियों को बचाती है, लेकिन नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध करती है, जो शरणार्थियों को नागरिकता प्रदान करता है. ऐसे अभियानों से गुमराह न हों. वे निहित राजनीतिक हितों के लिए झूठ और अफवाहों का सहारा लेते हैं.”

टीएमसी शासन के तहत बंगाल में भ्रष्टाचार और अपराध ‘पूर्णकालिक व्यवसाय’ बन गए हैं : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस शासन के तहत भ्रष्टाचार और अपराध ”पूर्णकालिक व्यवसाय” बन गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने रोहिंग्या और घुसपैठियों को राज्य की जनसांख्यिकी बदलने की अनुमति दे दी है. मोदी ने कहा कि दूसरी ओर, बंगाल की सत्तारूढ. पार्टी नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध कर रही है, जिसका उद्देश्य शरणार्थियों को नागरिकता प्रदान करना है.

रायगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि टीएमसी सरकार रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं देती है, लेकिन ”रामनवमी शोभायात्राओं पर पथराव करने की अनुमति देती है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”टीएमसी शासन के तहत बंगाल में भ्रष्टाचार और अपराध पूर्णकालिक व्यवसाय में बदल गया है. राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला है.” राज्य में सीएए का विरोध करने के लिए टीएमसी सरकार की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा, ”टीएमसी ने रोहिंग्या और घुसपैठियों को राज्य की जनसांख्यिकी को बदलने और राज्य में कानून और व्यवस्था की समस्याएं पैदा करने की अनुमति दे दी है.”

हमारी सरकार घुसपैठ को खत्म करेगी, भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि अगर वह दोबारा सत्ता में आए तो उनकी सरकार घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई करेगी जो वोट बैंक की राजनीति की वजह से फली-फूली. प्रधानमंत्री ने बिहार के सीमांचल के पूर्णिया जिले में एक रैली में यह बयान दिया. उन्होंने कहा, ”देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले सभी तत्व सरकार की नजर में हैं. चार जून का परिणाम सीमांचल की सुरक्षा को तय करेगा .” पूर्णिया जिले की सीमा नेपाल और बांग्लादेश से लगती है.

मोदी ने कहा,” वोट बैंक की राजनीति के कारण सीमांचल क्षेत्र में घुसपैठ को बढ़ावा मिला जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है और इस क्षेत्र में रहने वाले दलितों समेत गरीबों को नुकसान हुआ है. कई बार उन पर हमले हुए और उनके घरों में आग लगा दी गई .” प्रधानमंत्री ने कहा, ”जो लोग राजनीतिक फायदे के चलते सीएए का विरोध कर रहे हैं, वे यह जान लें, यह मोदी है, जो न डरने वाला है, न ही झुकने वाला है.” उन्होंने कहा, ”राजग सरकार सीमा पार आतंकवाद को खत्म करने, अनुच्छेद 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर जैसे बड़े कार्य करने में सक्षम रही है.

पूर्णिया से पहले प्रधानमंत्री ने गया में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था. दोनों स्थानों पर उनके भाषणों में संविधान और बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर का जोरदार उल्लेख था. मोदी ने कहा, ”मैं गरीबों, पिछड़े वर्गों, दलितों का हूं क्योंकि मैं उन्हीं के बीच से आया हूं. मोदी को यह पद राजेंद्र बाबू और बाबा साहब अंबेदकर का दिया हुआ है जिन्होंने संविधान का निर्माण किया. यह संविधान न होता तो कभी ऐसे पिछडे. परिवार में पैदा हुआ गरीब का एक बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था .” देश के संविधान को लेकर मोदी की यह टिप्पणी राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के इस आरोप के एक दिन बाद आया है कि भाजपा के नेता खुलेआम संविधान को बदलने की बातें कर रहे हैं लेकिन पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसको लेकर चुप्पी साधे हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu