जडेजा का अर्धशतक, सुपरकिंग्स ने सुपर जाइंट्स को 177 रन का दिया लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 10:03 PM
जडेजा का अर्धशतक, सुपरकिंग्स ने सुपर जाइंट्स को 177 रन का दिया लक्ष्य
ऑडियो सुनें

लखनऊ. रविंद्र जडेजा के जुझारू नाबाद अर्धशतक से चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ छह विकेट पर 176 रन बनाए. जडेजा ने 40 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से नाबाद 57 रन की पारी खेली. उन्होंने मोईन अली (20 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने अंत में नौ गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों से नाबाद 28 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया.

सुपर जाइंट्स की ओर से कृणाल पंड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 16 रन देकर दो विकेट चटकाए. मोहसिन खान, यश ठाकुर, मार्कस स्टोइनिस और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे सुपरकिंग्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पांचवें ओवर में 33 रन के स्कोर तक सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र (00) और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (17) के विकेट गंवा दिए.

रचिन रविंद्र पारी के दूसरे ओवर में मोहसिन खान की पहली ही गेंद को चूककर बोल्ड हो गए. गायकवाड़ भी लय में नहीं दिखे और यश ठाकुर की गेंद पर विकेटकीपर लोकश राहुल को कैच दे बैठे. रहाणे अच्छी लय में नजर आए. उन्होंने मैट हेनरी पर चौके से खाता खोला और फिर इस तेज गेंदबाज पर छक्का भी मारा. रहाणे ने यश पर भी लगातार दो चौके जड़े. सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में दो विकेट पर 51 रन बनाए. रहाणे और जडेजा दोनों ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर चौके मारे. रहाणे हालांकि कृणाल की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए. उन्होंने 24 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का मारा.

मार्कस स्टोइनिस ने अपने पहले ही ओवर में शिवम दुबे (03) को विकेटकीपर कप्तान के हाथों कैच कराके सुपरकिंग्स को बड़ा झटका दिया. सुपरकिंग्स ने इसके बाद समीर रिज्वी को ‘इंपेक्ट प्लेयर’ के रूप में उतारा. रिज्वी (01) हालांकि इस मौके का फायदा नहीं उठा पाए और कृणाल की गेंद पर राहुल ने उन्हें स्टंप कर दिया. जडेजा ने हालांकि एक छोर संभाले रखा. उन्होंने बिश्नोई की गेंद पर दो रन के साथ 15वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया.

जडेजा ने मोहसिन पर छक्के के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. मोईन ने भी हाथ खोलते हुए 18वें ओवर में बिश्नोई पर लगातार तीन छक्के मारे लेकिन अगली गेंद पर आयुष बडोनी को कैच दे बैठे. धोनी ने अगले ओवर में मोहसिन की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा और फिर अंतिम ओवर में यश की लगातार गेंदों पर भी छक्के और चौके के साथ टीम का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu