मुझे, अभिषेक को निशाना बना रही भाजपा, हम सुरक्षित नहीं : ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 09:11 PM
मुझे, अभिषेक को निशाना बना रही भाजपा, हम सुरक्षित नहीं : ममता
ऑडियो सुनें

कुमारगंज (पश्चिम बंगाल).पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन्हें और उनके भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को निशाना बना रही है तथा वे दोनों सुरक्षित नहीं हैं.
विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक दिन पहले कहा था कि सोमवार को एक बड़ा धमाका होगा, जो तृणमूल और उसके शीर्ष नेतृत्व को हिला कर रख देगा, जिसके बाद ममता ने यह आरोप लगाया है.

बलूरघाट लोकसभा क्षेत्र के कुमारगंज में पार्टी उम्मीदवार और राज्य में मंत्री बिप्लब मित्रा के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, ”भाजपा मुझे और अभिषेक को निशाना बना रही है. हम सुरक्षित नहीं हैं लेकिन हम केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी की साजिश से भी नहीं डरते हैं. हम तृणमूल नेताओं और पश्चिम बंगाल के लोगों के खिलाफ साजिश के प्रति सावधान रहने का हर किसी से आग्रह करते हैं.” तृणमूल प्रमुख ने अधिकारी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”एक गद्दार है, जिसने अपने परिवार और अवैध संपत्ति को बचाने के लिए भाजपा से हाथ मिला लिया. मैं उन्हें बता दूं कि चॉकलेट बम धमाका करने की उनकी धमकी को हम तवज्जो नहीं दे रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”हम पटाखे फोड़कर उनका मुकाबला करेंगे. हम पीएम केयर फंड में विसंगतियों और प्रत्येक व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये भेजने के ‘जुमले’ को उजागर कर रहे हैं. वे केवल झूठ फैलाते हैं.” ममता ने भाजपा पर धर्म आधारित वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और सवाल किया, ”दूरदर्शन का ‘लोगो’ अचानक भगवा क्यों हो गया? सेना के जवानों के आधिकारिक आवास को भगवा रंग से क्यों रंगा गया? काशी (विश्वनाथ मंदिर) में पुलिस की वर्दी भगवा रंग की क्यों कर दी गई?”

उन्होंने कहा, ”हम फैसले (दूरदर्शन के ‘लोगो’ का रंग बदलने) का कड़ा विरोध करते हैं…यह भाजपा के निरंकुश शासन का एक और उदाहरण है. यदि वह सत्ता में बनी रहती है तो भविष्य में कभी चुनाव नहीं होंगे. एक व्यक्ति, एक पार्टी का शासन होगा और विभिन्न समुदायों के धार्मिक अधिकार खतरे में पड़ जाएंगे.” भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के लोकसभा क्षेत्र बलूरघाट में दूसरी जनसभा में ममता ने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्र पर केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर है.
उन्होंने कहा वह केवल अपना प्रचार और बड़े-बड़े दावे करने में यकीन रखते हैं.

तृणमूल प्रमुख ने मजूमदार पर गांवों के गरीब मजदूरों को 100 दिनों का काम न देने और मोदी सरकार द्वारा आवास योजना की धनराशि जारी न करने पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा, ”आपकी (मजूमदार की) पार्टी के नेता दिल्ली में बैठे आकाओं से गरीबों का भुगतान रोकने के लिए कह रहे हैं.” ममता ने कहा कि जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी (कल्पना सोरेन) ने उन्हें बताया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपने आरोपपत्र में उन पर (हेमंत पर) वॉशिंग मशीन और टेलीविजन उपहार में लेने का आरोप लगाया है. उन्होंने आश्चर्य जताते हुए पूछा कि क्या उन वस्तुओं को उपहार के रूप में र्विणत किया जा सकता है जो कई घरों में होती हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले केंद्रीय अर्धसैनिक बल की एक टीम ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के एक सीमावर्ती गांव में छापा मारा और भाजपा को समर्थन देने से इनकार करने पर ग्रामीणों की पिटाई की. मुख्यमंत्री ने कहा, ”मैं निर्वाचन आयोग से आग्रह करती हूं कि वह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अपनी शक्तियों का दुरूपयोग करने पर गौर करे. सीमाओं की रक्षा करने और तस्करी रोकने के बजाय, वे ग्रामीणों को आतंकित कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu