नेहा हिरेमथ के घर पहुंचीं कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 10:17 PM
नेहा हिरेमथ के घर पहुंचीं कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष
ऑडियो सुनें

धारवाड़/हुबली. कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी रविवार को 23 वर्षीय नेहा हिरेमथ के घर पहुंची, जिनकी कॉलेज परिसर के अंदर हत्या कर दी गई थी. चौधरी ने हिरेमथ के परिवार को न्याय का आश्वासन दिया. उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि निजी फायदे के लिए नेहा की मौत का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और अगर ऐसा किया गया है तो यह इस धरती की बेटी का अपमान करने जैसा है. चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ की वीडियो सेवा से कहा कि उन्होंने नेहा के माता-पिता को सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाएगा.

उन्होंने कहा, ह्लमैंने उन्हें सांत्वना दी और यह भी कहा कि वे किसी को भी इस घटना का अपने स्वार्थों या राजनीति के लिए उपयोग करने न करने दें, क्योंकि यह नेहा का अपमान करने जैसा होगा. अगर हम वास्तव में उसके बारे में चिंतित हैं, तो हम सभी को दृढ.ता से समर्थन करना होगा. पुलिस को स्वतंत्र जांच करने दें. हमें जितनी जल्दी हो सके, नेहा को न्याय दिलाना है.ह्व हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी की 18 अप्रैल को यहां कॉलेज के परिसर में हुई हत्या की व्यापक निंदा हुई है. इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं.

कर्नाटक : नेहा हिरेमथ की हत्या के विरोध में मुस्लिम संगठनों ने 22 अप्रैल को बंद की घोषणा की

कर्नाटक के हुबली में मुस्लिम संगठनों ने कॉलेज छात्रा नेहा हिरेमथ की हत्या की निंदा करते हुए यहां सोमवार को ‘बंद’ (हड़ताल) का आह्वान किया है. धारवाड़ स्थित अंजुमन-ए-इस्लाम के अध्यक्ष इस्माइल तमतगार ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के सभी व्यवसायी दिवंगत आत्मा के प्रति संवेदना व्यक्त करने और इस क्रूर घटना का विरोध करने के लिए कल सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक बंद रखेंगे.

इस्माइल तमतगार ने कहा, ”कल हम बंद रखेंगे. मृत्यु पर शोक व्यक्त करने और परिवार के साथ अपनी एकजुटता दिखाने के लिए चिकन की दुकानें, गैरेज वर्कशॉप, फल विक्रेता, बैंक, संस्थान बंद रहेंगे. हम अपनी दुकानों पर ‘जस्टिस फॉर नेहा’ का स्टिकर लगाएंगे.” उन्होंने बताया कि एक रैली भी निकाली जायेगी.

उन्होंने कहा, ”विरोध का मकसद यह संदेश देना है कि किसी भी बच्ची के साथ ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए. हम इस घटना की निंदा करते हैं.” एक चौंकाने वाली घटना में, हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ (23) की बृहस्पतिवार को बीवीबी कॉलेज परिसर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

आरोपी फैयाज खोंडुनाइक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. नेहा ‘मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन’ (एमसीए) के प्रथम वर्ष की छात्रा थी और फैयाज पहले उसका सहपाठी रह चुका था. इस घटना को लेकर हुबली, धारवाड़ और कई अन्य स्थानों पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना को लेकर कांग्रेस सरकार पर असामाजिक तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने इसे व्यक्तिगत शत्रुता का मामला करार दिया है.

नड्डा ने हुबली की कॉलेज छात्रा की हत्या की सीबीआई जांच की मांग की

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने 23 वर्षीय कॉलेज छात्रा नेहा हीरेमथ की हत्या मामले की रविवार को सीबीआई जांच की मांग की. हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ (23) की 18 अप्रैल को बीवीबी कॉलेज परिसर में उसके पूर्व सहपाठी फैयाज ने चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी थी. घटना को लेकर व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला था. नड्डा ने नेहा हिरेमथ के घर का दौरा किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. बाद में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता को न्याय मिले इसके लिए अगर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की जरूरत पड़ी तो भाजपा सहयोग करेगी.

नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ”मैंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा होने के लिए यहां आया हूं. मैंने उनके (नेहा के) पिता से जो सुना और जिस तरह से उनकी मां ने घटना के बारे में बताया, यह बहुत ही हृदय विदारक घटना है.” भाजपा अध्यक्ष ने घटना की निंदा करते हुए मृतक के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि अगर राज्य पुलिस मामले की जांच करने में असमर्थ है तो वह राज्य सरकार से मामले को सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu