कराची में पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के बेटे ने बर्गर खाने पर की किशोर की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Apr 2024 08:02 PM
कराची में पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के बेटे ने बर्गर खाने पर की किशोर की हत्या
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के कराची शहर में एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के बेटे ने एक सत्र न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने उसकी (पुलिस अधिकारी के बेटे की) प्रेमिका के लिए मंगाए गए बर्गर का आधा हिस्सा खा लिया था.
पुलिस ने बुधवार को कहा कि यह घटना कराची के पॉश इलाके ‘डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए)’ में आठ फरवरी को हुई थी और मामले की जांच पूरी हो गई है.

मामले की जांच कर रहे अधिकारी के अनुसार सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नजीर अहमद मीर बहार के बेटे डेनियल मीर बहार ने कराची जिला दक्षिण सत्र न्यायाधीश जावेद केरियो के बेटे अली केरियो को अपने घर आमांत्रित किया था जहां डेनियल मीर बहार की प्रेमिका शाजिया भी आई.

पुलिस ने बताया कि डेनियल ने अपने और शाजिया के लिए दो बर्गर मंगाए थे, लेकिन अली ने एक बर्गर का आधा हिस्सा कथित तौर पर खा लिया, जिससे डेनियल क्रोधित हो गया और उसने अपने सुरक्षा गार्ड की राइफल ले ली और अली पर गोलियां चला दी. अली ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने कहा, “डेनियल का अली के साथ इस बात पर झगड़ा हो गया कि उसने शााजिया के लिए मंगाया गया बर्गर बिना पूछे क्यों खाया.” अधिकारी ने कहा, ”हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा लंबित होने तक वह जेल में है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu