कांग्रेस और माकपा बंगाल में भाजपा की मदद कर रहे हैं : ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Apr 2024 07:46 PM
कांग्रेस और माकपा बंगाल में भाजपा की मदद कर रहे हैं : ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कलियाचक. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा राज्य में भाजपा की मदद कर रहे हैं. मालदा जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी और लोकसभा चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाएगी.

उन्होंने कहा, ”बंगाल में कांग्रेस के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं है. यहां माकपा का कांग्रेस के साथ गठबंधन है. दोनों भाजपा के साथ मिले हुए हैं और यदि आप (मतदाता) कांग्रेस या माकपा को वोट देते हैं तो यह भाजपा विरोधी वोट को बांटने और यह (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी की मदद करने के समान है.” बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल इस शर्त के साथ कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा करना चाहती थी कि उन्हें बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ कोई तालमेल नहीं रखना चाहिए, लेकिन उन्होंने (कांग्रेस) यह बात नहीं सुनी.

उन्होंने कहा, ”पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और माकपा के नेता भाजपा की ही भाषा बोल रहे हैं और राज्य में टीएमसी संचालित सरकार की जनहितैषी नीतियों के खिलाफ साजिश रच रहे हैं.” एसएससी भर्ती के संबंध में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बारे में मोदी की टिप्पणियों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ”26,000 युवाओं ने अचानक अपनी नौकरी खो दी है. क्या इससे आपको खुशी मिलती है?” वहीं, मालदा उत्तर सीट के हबीबपुर में एक अन्य रैली में तृणमूल प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदान की तारीख की पूर्व संध्या पर ”वोट खरीदने के लिए मतदाताओं को पैसे देती है.”

उन्होंने कहा, ”इस कदाचार को क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारियों और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के संज्ञान में लाएं. भाजपा लोगों के लिए काम करने में विश्वास नहीं करती है, यह लोगों को रिश्वत देने में विश्वास करती है. क्या किसी को ऐसी भ्रष्ट पार्टी को वोट देना चाहिए जिसका कोई सिद्धांत नहीं है.” बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा, ”उन्होंने महिलाओं को उनकी संपत्ति, सोने के गहने, मंगलसूत्र छीने जाने के बारे में डराने की कोशिश की है. क्या ऐसा कभी हो सकता है?” उन्होंने दावा किया, ”मोदी जी केवल झूठ फैलाकर लोगों को बांटने की कोशिश करते हैं. हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे. हमारे लिए हर धर्म महत्वपूर्ण है, हर समुदाय महत्वपूर्ण है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu