भाजपा और आरएसएस संविधान को बदलना और नष्ट करना चाहते हैं: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 07:13 PM
भाजपा और आरएसएस संविधान को बदलना और नष्ट करना चाहते हैं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाषा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वे संविधान को बदलना और नष्ट करना चाहते हैं. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी गांव में एक रैली को संबोधित करने के दौरान गांधी ने ‘संविधान’ को हाथ में लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी क्या दुनिया की कोई भी ताकत इसे न तो रद्द कर सकती है और न ही इसे फाड़ सकती है. यह रैली बिलासपुर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी देवेन्द्र यादव के पक्ष में आयोजित की गई थी.

गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है. एक तरफ कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन और दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के लोग हैं. उन्होंने संविधान की पुस्तक को दिखाते हुए कहा, ”यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है, संविधान को प्रधानमंत्री जी, भाजपा के नेता और आरएसएस के लोग बदलना और खत्म करना चाहते हैं. एक तरफ वह संविधान को खत्म करने में लगे हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी इसे बचाने की कोशिश कर रही है.” गांधी ने कहा कि संविधान सिर्फ एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह इस देश में गरीबों को अधिकार देता है, उनकी रक्षा करता है और उनके भविष्य की देखभाल करता है, लेकिन भाजपा चाहती है कि इसे फाड़ कर फेंक दिया जाए.

कांग्रेस नेता ने इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ”भाजपा के नेता कहते हैं कि संविधान को खत्म कर देंगे. आरक्षण को खत्म कर देंगे. इस संविधान से आरक्षण निकला, वोट निकला, पब्लिक सेक्टर निकला. आपका जो हक है वह सब संविधान की देन है. यदि यह चला गया तब आदिवासी भाइयों का जल, जंगल, जमीन और जीने का तरीका चला जाएगा.”

गांधी ने कहा, ”वो (भाजपा) कहते हैं कि हम आरक्षण के खिलाफ नहीं है. लेकिन जब वो किसी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम का निजीकरण करते हैं तब आरक्षण खत्म करते हैं. ठेकेदारी प्रथा लागू करते हैं तब यह आरक्षण को खत्म करते हैं. जब यह ‘अग्निवीर’ जैसी योजना लाते हैं तो यह आरक्षण को खत्म करते हैं.” उन्होंने कहा कि वह भाजपा के नेताओं को चुनौती देते हैं कि वह कहें कि वह किसी भी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई का निजीकरण नहीं करेंगे, वह कहें कि ठेकेदारी प्रथा को बंद कर देंगे.

गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा महात्मा गांधी, नेहरू या आंबेडकर की विचारधारा नहीं है, बल्कि उनकी विचारधारा अडाणी और अंबानी जैसे चुनिंदा लोगों का समर्थन करने की है. उन्होंने कहा कि अब देश के लोग समझ गए हैं कि भाजपा और मोदी संविधान को नष्ट करने में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि यह चुनाव चुनाव लोकतंत्र, संविधान और गरीबों के अधिकारों को बचाने का चुनाव बन गया है.

गांधी ने पूछा कि पहले मोदी जी कह रहे थे 400 पार, पर क्या वह अब भी यह कह रहे हैं?” कांग्रेस के चुनावी वादों पर प्रकाश डालते हुए गांधी ने कहा कि ‘इंडिया’ के सत्ता में आने के बाद 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा हटा दी जाएगी. बिलासपुर सीट पर सात मई को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu