स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री हमजा यूसुफ ने दिया इस्तीफा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 07:31 PM
स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री हमजा यूसुफ ने दिया इस्तीफा
ऑडियो सुनें

लंदन. स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री हमजा यूसुफ ने अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने से पहले ही सोमवार को पद से इस्तीफा दे दिया. इससे कुछ दिन पहले ही हमजा के नेतृत्व वाली स्कॉटिश नेशनल पार्टी (एसएनपी) ने नीतिगत मुद्दों पर तनातनी होने के बाद ग्रीन पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया था.

पाकिस्तानी मूल के 39 वर्षीय हमजा ने पिछले साल मार्च में स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री का पद संभाला था. इस पद को संभालने वाले वह पहले मुस्लिम नेता हैं. स्कॉटलैंड सरकार का सारा कामकाज प्रथम मंत्री ही संभालते हैं. यह पद प्रधानमंत्री के समान माना जाता है. यूसुफ ने बढ़ते नीतिगत मतभेदों के बीच पिछले हफ्ते ग्रीन पार्टी के साथ गठबंधन समाप्त कर दिया था, जिसके चलते उनकी अल्पमत सरकार पर संकट आ गया था.

ग्रीन पार्टी ने विपक्षी दलों – कंजर्वेटिव, लेबर और लिबरल डेमोक्रेट – के साथ मिलकर दो अविश्वास प्रस्तावों का समर्थन किया, जिसमें यूसुफ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव शामिल था. युसूफ ने कहा, ”इस सप्ताह अविश्वास प्रस्ताव पेश होना संभव था और मैं केवल सत्ता बनाए रखने के लिए अपने मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता करने को तैयार नहीं हूं.”

एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री के आधिकारिक निवास ‘ब्यूट हाउस’ में दिए गए अपने संबोधन में यूसुफ ने कहा, ”मुझे अफसोस है कि प्रथम मंत्री के रूप में मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा है, लेकिन मैं अपने देश का नेतृत्व करने का अवसर पाने के लिए बहुत आभारी हूं, मैं बहुत भाग्यशाली हूं क्योंकि यह मौका बहुत कम लोगों को मिलता है.” पाकिस्तानी और केन्याई मूल के यूसुफ ने ब्रिटेन की विविधता को सराहा और अपने संबोधन में ऋषि सुनक को ब्रिटेन के पहले हिंदू प्रधानमंत्री के रूप में संर्दिभत किया.

उन्होंने कहा, ”अब हम ब्रिटेन में रहते हैं, जहां एक ब्रिटिश हिंदू प्रधानमंत्री (ऋषि सुनक) हैं, लंदन के एक मुस्लिम मेयर (सादिक खान) हैं, वेल्श के प्रथम मंत्री (वॉन गेथिंग) एक अश्वेत हैं और कुछ समय के लिए एक स्कॉटिश एशियाई (यूसुफ) प्रथम मंत्री हैं.” यूसुफ अपने पद पर तब तक बने रहेंगे जब तक कि स्कॉटलैंड की संसद में उनके स्थान पर प्रथम मंत्री का चयन नहीं हो जाता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu