इजराइल को गाजा में मानवीय सहायता की आपूर्ति बढ़ाने के संबंध में कदम उठाने चाहिए : ब्लिंकन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 07:29 PM
इजराइल को गाजा में मानवीय सहायता की आपूर्ति बढ़ाने के संबंध में कदम उठाने चाहिए : ब्लिंकन
ऑडियो सुनें

रियाद. अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने सोमवार को पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा शुरू करने के बाद कहा कि युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में मानवीय सहायता की आपूर्ति बढ़ाने के लिए इजराइल को और अधिक प्रयास करना चाहिए. करीब छह महीने पहले इजराइल-हमास युद्ध के शुरू होने के बाद से ब्लिंकन का इस क्षेत्र का यह सातवां राजनयिक दौरा है जिसमें वह इजराइल की यात्रा भी करेंगे.

रियाद में खाड़ी सहयोग परिषद के विदेश मंत्रियों को संबोधित करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि गाजा में मानवीय तबाही को कम करने का सबसे अच्छा तरीका एक संघर्षविराम समझौता है, जिससे हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई का भी रास्ता साफ होगा.
हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्थिति को बेहतर करना आवश्यक है.

अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा, ”गाजा में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की पीड़ा को कम करने तथा अधिक टिकाऊ समाधान के लिए सबसे प्रभावी तरीका संघर्षविराम और बंधकों की रिहाई है.” हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजराइल पर किए गए घातक हमले के बाद से युद्ध जारी है. इसमें 34,000 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और गाजा में मानवीय संकट गहरा रहा है.

इस युद्ध के बाद दुनियाभर में प्रदर्शन हुए हैं और हिंसा की आंच अमेरिका में कॉलेजों के परिसरों तक पहुंच गई है. इजराइल के लिए अमेरिका के समर्थन की आलोचना भी हो रही है. ब्लिंकन अपनी इस यात्रा में सऊदी अरब, जॉर्डन और इजराइल का दौरा करेंगे. उनकी इस यात्रा से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो. बाइडन ने रविवार को फोन पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की.

ब्लिंकन की यात्रा पश्चिम एशिया में संघर्ष की स्थिति को लेकर नए सिरे से सामने आईं चिंताओं के बीच हो रही है. अमेरिकी विदेश मंत्री इस यात्रा के दौरान इजराइल-हमास संघर्षविराम, गाजा के लिए मानवीय सहायता तथा गाजा के भविष्य और इजराइल-सऊदी अरब के रिश्तों को सामान्य करने पर बातचीत करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu