भारत ने वर्षाबाधित दूसरा टी20 19 रन से जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 08:59 PM
भारत ने वर्षाबाधित दूसरा टी20 19 रन से जीता
ऑडियो सुनें

सिलहट. बायें हाथ की स्पिनर राधा यादव और डी हेमलता के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्षाबाधित दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर 19 रन से हरा दिया. राधा के तीन विकेट की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनने वाली मेजबान टीम को 119 रन पर समेट दिया. राधा ने 19 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल को दो दो विकेट मिले. बांग्लादेश के लिये सलामी बल्लेबाज मुर्शिदा खातून ने सर्वाधिक 46 रन बनाये.

जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा (0) का विकेट जल्दी गंवा दिया . इसके बाद हेमलता ने 24 गेंद में 41 रन बनाये और भारत ने 5 . 2 ओवर में एक विकेट पर 47 रन बना लिये थे जब दोबारा बारिश शुरू हो गई . हेमलता ने अपनी नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्के जड़े. उस समय भारत डकवर्थ लुईस प्रणाली से 19 रन आगे था और बारिश के कारण आगे का खेल नहीं होने पर भारत को विजयी घोषित किया गया . भारत अब पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है.

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की दिलारा अख्तर ने रेणुका सिंह को पारी की दूसरी ही गेंद पर मिडविकेट में चौका लगाया . इसके बाद बैकवर्ड स्क्वेयर लेग में चौका लगाया. पहले ओवर में 11 रन बनने के बाद अनुभवी स्पिनर दीप्ति ने अख्तर को पवेलियन भेजा . वह स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में डीप में रेणुका को कैच दे बैठी. मुर्शिदा खातून ने भी उन्हें मिड आफ पर चौका लगाया . भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रेणुका की गेंद पर मुर्शिदा को छह के स्कोर पर जीवनदान दिया.

तीसरे नंबर पर उतरी शोभना मोस्तारी ने रेणुका को बैकवर्ड प्वाइंट पर चौका जड़कर खाता खोला . दीप्ति ने अगले ओवर में तीन ही रन दिये और दूसरे छोर से रेणुका की जगह पूजा वस्त्राकर गेंदबाजी के लिये आई . मोस्तारी ने उन्हें आते ही दो चौके लगाये. आफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल ने पहले ही ओवर में मोस्तारी को आउट किया . आठवें ओवर में आई राधा ने बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना और फाहिमा खातून को लगातार दो गेंदों पर चलता किया . वह हालांकि हैट्रिक नहीं लगा सकी और सुल्ताना खातून ने उन्हें चौका जड़ा. दीप्ति ने रितु मोनी को दूसरा शिकार बनाया जबकि राधा ने राबिया खान को आउट किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu