देश डूबे तो डूबे, लेकिन इनके परिवार को कोई फर्क नहीं पड़ता: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 08 May 2024 02:01 PM
देश डूबे तो डूबे, लेकिन इनके परिवार को कोई फर्क नहीं पड़ता: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

करीमनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के करीमनगर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सवाल पूछा कि कांग्रेस ने अचानक अडानी-अंबानी का नाम लेना बंद क्यों कर दिया? पीएम मोदी ने कहा,’आपने देखा होगा कि कांग्रेस के शहजादे पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरू करते थे.

जबसे उनका राफेल वाला मामला ग्राउंडेड हो गया, तबसे उन्होंने एक नई माला जपनी शुरू कर दी. पांच साल से एक ही माला जपते थे. पांच उद्योगपति, पांच उद्योगपति. फिर धीरे-धीरे कहने लगे. अंबानी-अडानी. लेकिन जबसे चुनाव घोषित हुआ है. इन्होंने अंबानी-अडानी को गाली देना बंद कर दिया.

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि शहजादे घोषित करें. इस चुनाव में अंबानी-अडानी से कितना माल उठाया है. उन्होंने पूछा,’काले धन के कितने बोरे भरकर रुपये मारे हैं. क्या टेंपो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंचे हैं. क्या सौदा हुआ है. आपने रातोंरात अंबानी-अडानी को गाली देना बंद कर दिया. जरूर दाल में कुछ काला है. पांच साल तक गाली दी और रातोंरात बंद हो गई. मतलब कोई ना कोई चोरी का माल टैंपो भर भरकर आपने पाया है. ये जवाब देना पड़ेगा देश को.’

प्रधानमंत्री ने कहा,’तेलंगाना के गठन के समय यहां के लोगों ने बीआरएस पर भरोसा किया. बीआरएस ने लोगों के सपने तोड़ दिए. कांग्रेस का भी यही इतिहास है. आजादी के बाद कांग्रेस ने भी यही किया. देश डूबे तो डूबे, लेकिन इनके परिवार को कोई फर्क नहीं पड़ता.

फैमिली फर्स्ट की नीति की वजह से कांग्रेस ने पीवी नरसिम्हा राव का अपमान किया. उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस कार्यालय में एंट्री नहीं दी. यह बीजेपी सरकार ने जिसने पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया.’

तेलंगाना के करीम नगर में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार की योजनाओं की तारीफ भी की. उन्होंने कहा,’पिछले 10 सालों में एनडीए ने हर सेक्टर को आगे बढ़ाने का काम किया है. हम फार्मिंग सेक्टर को मॉर्डनाइज कर रहे हैं. नेचुरल फार्मिंग, नैनो इंडिया और ड्रोन को प्रमोट कर रहे हैं.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav