लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में अपराह्न पांच बजे तक 62 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, आंध्र और बंगाल में हिंसा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 May 2024 08:31 PM
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में अपराह्न पांच बजे तक 62 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, आंध्र और बंगाल में हिंसा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं और उत्तर प्रदेश के कुछ गांवों में चुनावों के बहिष्कार की खबरों के बीच लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर सोमवार को शाम पांच बजे तक 62 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया. निर्वाचन आयोग के मुताबिक, शाम पांच बजे तक 62.31 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
शाम पांच बजे तक जम्मू-कश्मीर में सबसे कम (35.75 प्रतिशत), जबकि पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक (75.66 प्रतिशत) मतदान हुआ.

वहीं, आंध्र प्रदेश में 68.04 फीसदी, बिहार में 54.14 फीसदी, झारखंड में 63.14 फीसदी, मध्य प्रदेश में 68.01 फीसदी, महाराष्ट्र में 52.49 फीसदी, ओडिशा में 62.96 फीसदी, तेलंगाना में 61.16 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 56.35 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला.
एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद चुनाव अधिकारियों ने तेलंगाना की हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के माधवी लता के खिलाफ मामला दर्ज किया. वीडियो में वह बुर्का पहने महिला मतदाताओं से कथित तौर पर चेहरा दिखाने के लिए कह रही थीं.
आंध्र प्रदेश में, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और वाईएसआरसीपी ने खासकर पलनाडु, कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में एक-दूसरे पर हिंसा के आरोप लगाये. वाईएसआरसीपी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर प्रतिद्वंद्वी तेदेपा पर वेमुरु, दारसी, इच्छापुरम, कुप्पम, माचेरला, मार्कापुरम, पालकोंडा और पेदाकुरापौडु समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया.
आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीट के लिए एक साथ मतदान हो रहा है.

वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि तेदेपा नेताओं ने वेमुरु निर्वाचन क्षेत्र में पांच मतदान केंद्रों पर कब्जा कर लिया . पार्टी ने अतिरिक्त पुलिस बल और तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया. सत्तारूढ़ दल ने यह दावा भी किया कि कुप्पम में बूथ संख्या 57 के मतदान अधिकारी ने विपक्षी तेदेपा नेताओं के साथ मिलकर उन्हें चुनाव में धांधली करने दी.

पुलिस के मुताबिक, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता और तेनाली से वि­धायक ए शिव कुमार ने विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं से बहस होने के बाद एक मतदाता के साथ कथित रूप से हाथापाई की.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे कोदुर विधानसभा क्षेत्र के दलवईपल्ली गांव में एक ईवीएम को नष्ट कर दिया गया. उन्होंने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी और तेदेपा के कार्यकर्ताओं की कारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं.

वहीं, मायडुरुकु विधानसभा क्षेत्र के नक्कालादिन्ने गांव में तेदेपा के एक कार्यकर्ता पर हमला हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता सुरेश रेड्डी को चित्तूर के गुडीपाला मंडल के मंडी कृष्णापुरम गांव में चाकू मारा गया. पार्टी ने आरोप लगाया गया कि तेदेपा समर्थकों ने दारसी निर्वाचन क्षेत्र के अरावलीपाडु में पार्टी सदस्य बी अंजी रेड्डी पर हमला किया.

इस बीच, तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि ह्लराज्य में लोगों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए कोई शांतिपूर्ण माहौल नहीं है.ह्व उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ह्लमैं सुबह से सामने आ रही हिंसा की खबरों की कड़ी निंदा करता हूं. वाईएसआरसीपी अपनी साजिशों के तहत काम कर रही है. स्थानीय पुलिस अधिकारी माचेरला निर्वाचन क्षेत्र में हिंसा को रोकने में विफल रहे.ह्व उत्तर प्रदेश में सड़कों और विकास कार्यों के अभाव को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए शाहजहांपुर के कुछ गांवों में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया.

पश्चिम बंगाल के आठ संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के कारण बीरभूम और बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों से 1,088 शिकायतें प्राप्त हुईं हैं, जिनमें ईवीएम में खराबी और कार्यकर्ताओं को बूथ में प्रवेश करने से रोकने का आरोप लगाया गया है. बर्धमान-दुर्गापुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष के काफिले पर दो जगहों पर पत्थर फेंके गए. सूत्रों ने दावा किया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने घोष के साथ अभद्रता भी की.

बीरभूम लोकसभा सीट के अंतर्गत नानूर में, भाजपा के पोलिंग एजेंटों को कथित तौर पर बूथ में प्रवेश करने से रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता टीएमसी कार्यकर्ताओं से भिड़ गए. कृष्णानगर निर्वाचन क्षेत्र के छपरा इलाके में भी तनाव व्याप्त हो गया, क्योंकि कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की. भाजपा प्रत्याशी अमृता राय दो घायलों के साथ छपरा थाने पहुंचीं. टीएमसी ने आरोपों से इनकार किया है.

सूत्रों ने बताया कि टीएमसी, भाजपा और कांग्रेस-माकपा गठबंधन ने मतदान के पहले कुछ घंटों में चुनावी हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनाव एजेंटों पर हमले की अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं. ओडिशा में भी कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें आईं. एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 65 बैलट यूनिट (बीयू), 83 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 110 वीवीपैट को बदला गया है. अधिकतर यूनिट को सुबह सात बजे वास्तविक मतदान से पहले, अभ्यास के दौरान ही बदल दिया गया.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बिहारी धल ने बताया कि आयोग ने ओडिशा में दो मतदान अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है. पड़ोसी राज्य झारखंड में माओवादियों ने एक पेड़ गिराकर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूर सोनापी और मोरंगपोंगा इलाकों की ओर जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर मतदान केंद्रों तक मतदाताओं की पहुंच को बाधित करने का प्रयास किया, जिसे सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया.

जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण रहा, जहां अब्दुल्ला परिवार की तीन पीढि.यों ने वोट डाला. तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीट, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान हुआ. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण तक 543 में से 283 सीटों पर मतदान हो चुका है. आज के दौर के बाद 379 सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा. लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में मतदान प्रतिशत क्रमश? 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत और 65.68 प्रतिशत रहा था. देश में अगले तीन चरणों के लिए मतदान 20 मई, 25 मई और एक जून को होगा. मतगणना चार जून को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu