उत्तर प्रदेश में ‘टीएमसी राजनीति’ का प्रयोग करना चाहती है सपा, कांग्रेस: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 07:14 PM
उत्तर प्रदेश में ‘टीएमसी राजनीति’ का प्रयोग करना चाहती है सपा, कांग्रेस: मोदी
ऑडियो सुनें

भदोही/प्रतापगढ.. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ‘तृणमूल की राजनीति’ को आजमाना चाहती है और उन्होंने इसे तुष्टीकरण और महिलाओं व दलित उत्पीड़न की राजनीति करार दिया. भदोही में एक जनसभा में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश में तृणमूल की राजनीति का प्रयोग करना चाहते हैं. भदोही से ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.

उन्होंने कहा, ” भदोही में सपा-कांग्रेस के लिए जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया है. इसलिए ये भदोही में सियासी प्रयोग कर रहे हैं. ” मोदी ने कहा, ”तृणमूल राजनीति का अर्थ हिंदुओं की हत्या, दलितों और आदिवासियों का उत्पीड़न, महिलाओं पर अत्याचार है. अनेक भाजपा नेता वहां (पश्चिम बंगाल में) मार दिये गये और तृणमूल विधायक कहते हैं कि वे हिंदुओं को गंगा में डुबोकर मार देंगे.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”आप जानते हैं कि तृणमूल पश्चिम बंगाल में किस तरह की राजनीति करती है.”

उन्होंने कहा,” आप जानते हैं कि तृणमूल बंगाल में कैसी राजनीति करती हैं? तृणमूल की राजनीति यानी तुष्टीकरण का जहरीला तीर, तृणमूल की राजनीति यानी राम मंदिर को अपवित्र बताना, तृणमूल की राजनीति यानी रामनवमी मनाने पर प्रतिबंध लगाना, तृणमूल की राजनीति यानी बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देना….सपा उप्र को इसी दिशा में लेकर जाना चाहती है.” समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि पिछली राज्य सरकार के तहत आतंकवादियों को स्पेशल प्रोटोकॉल मिलता था और सरकार सिमी के प्रति मेहरबान थी. मोदी ने मायावती का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वाली बुआ ने सपा वालों को छोड़ दिया और अब यह बंगाल से बुआ लायें हैं. आपको इनसे सैकड़ों मील दूर रहना हैं.

अखिलेश यादव और ममता बनर्जी का बिना नाम लिये मोदी ने कहा,”मैं आज बबुआ से समाजवादी शहजादे से एक सवाल करना चाहता हूं. बुआ तो आपकी इतनी करीबी हैं कि बंगाल से यहां तक आपके पास आई हैं. लेकिन क्या कभी आपने अपनी नई बुआ से पूछा कि वो बंगाल में उप्र-बिहार वालों को बाहरी क्यों कहती हैं?”

उन्होंने कहा, ”तृणमूल और सपा को जोड़ने वाली एक ही चीज हैं, वह है तुष्टीकरण. तुष्टीकरण के यह ठेकेदार भारत की पहचान बदलना चाहते हैं. यह वहीं लोग हैं जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे. इनके समय में अयोध्या की सड़कों और घाटों की क्या दशा हुआ करती थी?” उप्र की विकास योजनाओं के बारे में मोदी ने कहा कि भाजपा ने दिनरात मेहनत करके उप्र की छवि बदली है. आज उप्र की पहचान एक्सप्रेस वे से हो रही है…. सपा सरकार में वन डि्ट्रिरक्ट-वन माफिया चलता था…लेकिन जब से योगी जी और उनके साथी सरकार में आए हैं, तो यहां पूरा माहौल बदल गया है. अब जनता नहीं डरती, माफिया डरते हैं. तृणमूल ने ललितेशपति त्रिपाठी जबकि भाजपा ने भदोही से विनोद बिंद को प्रत्याशी बनाया है. यहां छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा.

पूरा देश कह रहा भाजपा-राजग का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा : नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा कि पूरा देश कह रहा है कि इस सरकार (भाजपा -राजग) का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा. प्रधानमंत्री ने यहां राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ. के मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही.

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, ” ‘इंडी’ गठबंधन वाले देश से भाजपा-राजग की स्थिर सरकार हटाना चाहते हैं और इनके पास सरकार चलाने का फार्मूला है कि वे पांच साल में पांच दलों के पांच ‘पीएम’ (प्रधानमंत्री) बनाएंगे.” मोदी ने कहा , ”यानी हर साल एक नया ‘पीएम’. ये चाहते हैं कि भानुमती का कुनबा जोड़ने वालों को लूट का बराबर मौका मिले.” मोदी ने सवाल उठाया, ”क्या आपको पांच साल में पांच ‘पीएम’ मंजूर है? क्या पांच ‘पीएम’ देश को चला सकते हैं? क्­या वे देश को बर्बाद नहीं करेंगे?” उन्होंने दावा किया, ” ‘इंडी’ गठबंधन में वही लोग हैं जो सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं. इनका एजेंडा क्­या है, ये कह रहे कि कश्­मीर में अनुच्छेद 370 बहाल कर देंगे. मोदी ने जो सीएए कानून बनाया है, उसको वे रद्द कर देंगे.”

मोदी ने प्रतापगढ. की भौगोलिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा, ”यहां एक तरफ अयोध्­या है, एक तरफ काशी और एक तरफ प्रयागराज है, यानी प्रतापगढ. के आशीर्वाद में सब तीर्थों के आशीर्वाद शामिल हैं.” उन्होंने कहा,” प्रतापगढ. के नाम में ही प्रताप ही प्रताप है. यह वीरों और बलिदानियों की धरती है.” मोदी ने नारेबाजी कर रही उत्साहित भीड़ से पूछा , ”आज जब भारत का प्रताप दुनिया देख रही है. दुनिया में भारत का डंका बजता है. भारत जी-20 का आयोजन बड़ी सफलता से करवाता है. भारत अपने तिरंगे की छाप चंद्रमा पर छोड़ता है तो क्या इन सफलताओं से आपको गर्व नहीं होता है.”

मोदी ने कहा, ”क्या 10 साल पहले आप ऐसी सफलता की कल्पना कर सकते थे. तब हजारों करोड़ के घोटाले के सिवाय ऐसी कोई खबर आती थी क्­या.” उन्होंने भीड़ से पूछा,” 10 साल पहले जो असंभव था, वह कैसे संभव हुआ. बदलाव कैसे आया. ” भीड़ द्वारा मोदी का नाम लेने पर उन्होंने कहा, ”आपका जवाब पूरी तरह गलत है. ये बदलाव ये सफलता मोदी के कारण नहीं, आपके वोट के कारण हुआ.” उन्होंने कहा, ”ये आपके वोट की ताकत है कि दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu