मुझ पर सबसे बड़ा आरोप यह था कि मेरे पास 250 जोड़ी कपड़े हैं : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 May 2024 08:17 PM
मुझ पर सबसे बड़ा आरोप यह था कि मेरे पास 250 जोड़ी कपड़े हैं : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर/झारग्राम. अपने पहनावे को लेकर अक्सर विपक्ष के निशाने पर रहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनके राजनीतिक करियर में उन पर सबसे बड़ा आरोप यह था कि उनके पास 250 जोड़ी कपड़े हैं. मोदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि यह आरोप कांग्रेस नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री अमर सिंह चौधरी ने लगाया था और उन्होंने एक जनसभा में इसका जवाब दिया था.

मोदी ने कहा, ”मैंने लोगों से पूछा कि क्या वे ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं, जिसने 250 करोड़ रुपये चुराए हों या ऐसा मुख्यमंत्री जिसके पास 250 जोड़ी कपड़े हों. गुजरात के लोगों ने एक स्वर में जवाब दिया था कि 250 जोड़ी कपड़ों वाला मुख्यमंत्री ठीक रहेगा.” गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान की घटना को याद करते हुए, मोदी ने कहा कि उन्होंने एक जनसभा में चौधरी के आरोपों को स्वीकार कर लिया था, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने गलत आंकड़े बताए थे.

मोदी ने कहा, ”उस दिन मेरी एक जनसभा थी, जहां मैंने कहा कि मैं इस आरोप को स्वीकार करता हूं, लेकिन या तो (250 में से) शून्य गलत है या संख्या दो गलत है. फिर भी मैं आरोप स्वीकार करता हूं.” पिछले एक दशक में, विपक्ष ने प्रधानमंत्री की उनके पहनावे को लेकर आलोचना की है. हाल में, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी के कपड़ों को लेकर कटाक्ष करते हुए दावा किया था कि वह प्रति माह 1.6 लाख रुपये का वेतन अर्जित करते हैं, लेकिन महंगे वस्त्र पहनते हैं.

कांग्रेस नेता साम्प्रदायिक, ‘इंडिया’ गठबंधन में टूट की उल्टी गिनती शुरु: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के बाद कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन की हार तय है और इसके बाद विपक्षी गठबंधन में टूट की शुरुआत हो जाएगी. पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एक रैली में मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि वे अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं.

उन्होंने कहा, ”पांचवें चरण के मतदान के बाद तृणमूल कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन हार गया है. चार जून (जब परिणाम घोषित किए जाएंगे) के बाद, विपक्षी गठबंधन का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा. ‘इंडी’ गठबंधन के टूट की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.” प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर एक सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी अभी भी मुस्लिम लीग जैसी विचार प्रक्रिया है.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकार छीनकर मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देना चाहती है. कांग्रेस के नेता 100 फीसदी सांप्रदायिक हैं. यह कांग्रेस का सच है, जिसे पार्टी और उसके इकोसिस्टम ने सालों तक देशवासियों के सामने नहीं आने दिया.” उन्होंने कहा, ”कई पत्रकारों ने हाल ही में मेरे साक्षात्कारों के दौरान मुझसे मुस्लिम आरक्षण के बारे में पूछा, लेकिन देखिए, कांग्रेस के ‘शहजादे’ खुद अपने ही एक वीडियो में इस पर जोर दे रहे हैं.”

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो का हवाला देते हुए मोदी ने कहा, ”एक तरफ मनमोहन सिंह ने कहा था कि भारत के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है. दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कांग्रेस के शहजादे कहते दिख रहे हैं कि कांग्रेस मुसलमानों को आरक्षण देगी.” प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी) का वीडियो देखा है, जो 11-12 साल पुराना है.

भाजपा दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी, राजग 400 से अधिक सीट जीतेगा: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास जताया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और चार जून को जब चुनाव परिणाम आएंगे तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार रात ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ”पूरे देश के लिए हमारी रणनीति एक समान है. फिर एक बार मोदी सरकार और चार जून को 400 पार.” उन्होंने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने एक मिथक पैदा किया है कि भाजपा दक्षिणी राज्यों में कोई ताकत नहीं है या वहां उसकी मौजूदगी नहीं है.

उन्होंने कहा, ”2019 के चुनाव को देखिए. तब भी दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ही थी. एक बार फिर, मैं यह कहता हूं : इस बार दक्षिण में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा होगी तथा उसके सहयोगियों को और अधिक सीटें मिलेंगी.” मोदी ने कहा, ”हम दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे और पिछली बार से भी अधिक अंतर से जीतेंगे.” उन्होंने बताया, ”हमने पहले ही लोगों की सोच में बदलाव देखा है. हम दक्षिण क्षेत्र में अपनी सीटों की संख्या और मत प्रतिशत में भी बड़ी वृद्धि देखेंगे.” लोकसभा की 543 लोकसभा सीटों में से दक्षिण भारत में 131 सीटें हैं. निवर्तमान सदन में कर्नाटक से भाजपा के 29 सदस्य हैं. इसके अलावा उसे एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन भी प्राप्त है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत में भी, ”हम लोगों से भारी समर्थन मिलता देख रहे हैं…जिससे भुवनेश्वर, कोलकाता और दिल्ली में भी मीडिया और राजनीति के कुछ वर्गों में लोगों की रात की नींद उड़ गयी है.” कुछ साल पहले एक ‘प्रेजेंटेशन’ के जरिये पूर्वी भारत में विकास की कमी को विस्तार से बताने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राजग सरकार विशेष रूप से इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है.

प्रधानमंत्री ने रामकृष्ण मिशन आश्रम पर हमले की निंदा की, टीएमसी पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया

जलपाईगुड़ी में रामकृष्ण मिशन आश्रम पर हमले की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह वोट बैंक की राजनीति के लिए संतों के खिलाफ आतंक का माहौल बनाने की छूट दे रही है. पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के संन्यासियों को धमकियां दे रही हैं.

उन्होंने कहा, ”तृणमूल कांग्रेस के गुंडों की इतनी हिम्मत हो गई है कि वे रामकृष्ण मिशन के आश्रम पर हमला करते हैं.” उन्होंने कहा, ”यह शर्मनाक है कि तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में हिंदुओं की धार्मिक आस्था को आहत करने का बीड़ा उठाया है. मुख्यमंत्री रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम आश्रम के संतों को धमका रही हैं. रविवार रात जलपाईगुड़ी में रामकृष्ण मिशन आश्रम पर हमला किया गया. बंगाल के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.” मोदी ने रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के संतों के खिलाफ बनर्जी की हालिया टिप्पणी की आलोचना की और कहा कि इन सामाजिक-धार्मिक संगठनों को तृणमूल कांग्रेस के वोट बैंक के ‘तुष्टीकरण’ के लिए धमकाया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu