NIA ने कनाडा में रह रहे खालिस्तान समर्थक आतंकी अर्श डाला समेत चार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 May 2024 07:55 PM
NIA ने कनाडा में रह रहे खालिस्तान समर्थक आतंकी अर्श डाला समेत चार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने कनाडा में रह रहे खालिस्तान समर्थक आतंकवादी अर्शदीप सिंह और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ पंजाब और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी हमले करने की साजिश में शामिल होने के आरोप में आरोपपत्र दायर किया है. आतंकवाद रोधी एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

इसमें कहा गया है कि यह कार्रवाई पंजाब और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए सिंह उर्फ ??अर्श डाला द्वारा संचालित ‘स्लीपर सेल’ को नष्ट करने के एनआईए के प्रयासों की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है. एजेंसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है, ”कनाडा में रह रहे अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला और उसके भारतीय गुर्गों हरजीत सिंह उर्फ हैरी मौर, रविंदर सिंह उर्फ राजविंदर सिंह उर्फ हैरी राजपुरा तथा राजीव कुमार उर्फ शीला के खिलाफ नयी दिल्ली स्थित एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष सोमवार को आरोपपत्र दायर किया गया.” तीनों सहयोगी खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के आतंकवादी डाला के निर्देश पर भारत में एक बड़ा आतंकी-गैंगस्टर गिरोह चला रहे थे.

एनआईए ने कहा कि आरोपी मौर और राजपुरा ‘स्लीपर सेल’ के रूप में काम कर रहे थे और उन्हें राजीव कुमार द्वारा पनाह दी जा रही थी और तीनों ने डाला के निर्देश पर और उससे प्राप्त धन से कई आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रची थी. बयान में कहा गया है कि मौर और राजपुरा गिरोह के शूटर थे और उन्हें लक्षित हत्याओं को अंजाम देने का काम सौंपा गया था, जबकि राजीव कुमार उर्फ शीला को हैरी मौर और हैरी राजपुरा को शरण देने के लिए अर्श डाला से पैसा मिल रहा था.

एनआईए की जांच से यह भी पता चला है कि डाला के निर्देश पर राजीव कुमार अन्य दो के लिए रसद सहायता और हथियारों की व्यवस्था भी कर रहा था. एनआईए ने मौर और राजपुरा को 23 नवंबर, 2023 को और कुमार को 12 जनवरी, 2024 को गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu