लोकसभा चुनाव के पांच चरण के बाद भाजपा 310 सीट जीत चुकी है: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 May 2024 08:25 PM
लोकसभा चुनाव के पांच चरण के बाद भाजपा 310 सीट जीत चुकी है: शाह
ऑडियो सुनें

संबलपुर/क्योंझर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के पांच चरण पूरे होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 310 सीट मिलने का दावा करते हुए मंगलवार को ओडिशा के लोगों से अपील की कि वे राज्य को ”बाबू-राज” से आजाद कराएं और भाजपा को केंद्र एवं राज्य दोनों में सरकार बनाने के लिए समर्थन दें.

शाह ने संबलपुर में दो चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार ओडिशा में कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा.
संबलपुर सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मैदान में उतारा है. उन्होंने कहा, ”पांचवें चरण के मतदान के बाद भाजपा को 310 सीट पहले ही मिल चुकी हैं. छठे और सातवें दौर के मतदान के बाद हम 400 से अधिक सीट हासिल कर लेंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ”मुट्ठी भर अधिकारियों” का शासन है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव राज्य में मौजूदा ”बाबू राज” को समाप्त कर देगा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश की ज्यादातर खदानें और खनिज भंडार क्योंझर जिले में स्थित होने के बावजूद यहां के आदिवासियों को कोई लाभ नहीं मिला है.

शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि देश भर में कोई आतंकवाद न हो. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) भारत का था और यह हमारे पास रहेगा. भारत पीओके वापस लेगा.” कांग्रेस की पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा, “कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय मामलों के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया था, जबकि नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए काम किया है.” उन्होंने कहा कि मोदी ने डीएमएफ (जिला खनिज फाउंडेशन) का गठन किया है और आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपये दिए हैं.

भाजपा नेता ने कहा, ह्ल मोदी सरकार के दौरान जनजातीय मामलों के लिए बजटीय आवंटन को बढ.ाकर 1.25 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है जबकि पिछली संप्रग शासन के दौरान 25,000 करोड़ रुपये दिए गए थे.ह्व शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने 740 एकलव्य विद्यालय स्थापित किए हैं जहां एक लाख छात्र पढ. रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में लगभग 40,000 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है.

शाह ने कहा कि केंदू पत्ता तोड़ने वालों को उनके लघु वन उपज पर बोनस और उचित मूल्य मिलेगा. उन्होंने क्योंझर में 500 बिस्तरों वाला अस्पताल और संबलपुर में 500 बिस्तरों वाला एक अन्य अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि केंदू पत्ता र्किमयों के लिए पीएफ (भविष्य निधि) का प्रावधान किया जाएगा. शाह ने राज्य में बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार पर ओडिशा के गौरव, भाषा, संस्कृति और परंपरा का अपमान करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ”अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है तो वह किसी युवा, ऊर्जावान, मेहनती और प्रगतिशील ओडिया ‘भूमिपुत्र’ को मुख्यमंत्री बनाएगी.” उन्होंने कहा कि नयी भाजपा सरकार डेढ. साल में दो लाख लोगों को नौकरियां देगी.

शाह ने कहा, ”(मुख्यमंत्री) नवीन (पटनायक) बाबू ओडिशा पर ‘बाबू शाही’ थोप रहे हैं और ओडिशा के लोगों के गौरव एवं गरिमा पर हमला कर रहे हैं. वह राज्य की संस्कृति और गौरव का गला घोंट रहे हैं.” शाह ने लोगों से राज्य का त्वरित विकास और उसकी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए भाजपा सरकार को वोट देने का आग्रह किया. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, ”अगर लोग भाजपा को वोट देते हैं तो ‘उत्कल भूमि’ पर एक भूमिपुत्र शासन करेगा, न कि कोई तमिल बाबू.”

उन्होंने कहा, ”बीजद सरकार जगन्नाथ मंदिर को एक वाणिज्यिक केंद्र में बदलना चाहती है. मठों और मंदिरों को नष्ट कर दिया गया है और मंदिर के चारों द्वार अब भी जनता के लिए नहीं खोले गए हैं.” शाह ने कहा, ”यहां तक कि भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा को रोकने की साजिश भी रची गई थी.” शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राज्य के ”खनिज संसाधनों को लूटने” में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. उन्होंने कहा कि ओडिशा खनिज संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन राज्य के पास ऐसा मुख्यमंत्री नहीं है जो राज्य के संसाधनों की रक्षा कर सके. गृह मंत्री ने कहा, ”बीजद सरकार ने पश्चिमी ओडिशा की भी उपेक्षा की है. भाजपा राज्य के सभी हिस्सों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu