रामभक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर : आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 May 2024 08:35 PM
रामभक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर : आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

गोरखपुर/फतुहा. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) को रामद्रोही बताते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच है. उन्होंने पीपीगंज में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन शुक्ल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ भगवान राम को नकारने वाले, रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले, राम मंदिर को बेकार बताने वाले लोग हैं तो दूसरी तरह पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त कराकर प्रभु रामलला को उनके भव्य मंदिर में विराजमान कराने वाले लोग हैं.

उन्होंने कहा कि राम मंदिर पूरे भारत की सनातन आस्था का प्रतीक है इसलिए आज पूरे देश मे एक ही स्वर सुनाई पड़ रहा है, “दिल्ली के सिंहासन पर रामभक्त ही राज करेगा. ” योगी ने कहा कि तुष्टिकरण की राह पर चलने वाली कांग्रेस और सपा को देश की जनता वहां पहुंचा देगी, जहां उनका कोई नामलेवा नहीं होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में वह प्रचार के लिए देश मे जहां भी गए, हर जगह लोग मोदी जी को भरपूर समर्थन देते मिले. उन्होंने कहा, ” हर क्षेत्र से एक ही आवाज गूंज रही है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे.” योगी ने कहा कि जो राम मंदिर पूरे भारतवर्ष के लोगों के लिए गौरव है, उसे लेकर कांग्रेस कहती है कि यह मंदिर नहीं बनना चाहिए था , जबकि समाजवादी पार्टी कहती है कि राम मंदिर बेकार बना है, इन बयानों से दुनिया में गलत संदेश गया है. योगी ने इन बयानों के लिए कांग्रेस-सपा पर प्रहार करते हुए कहा राम मंदिर तो ठीक बना है लेकिन राम मंदिर को बेकार बताने वाले लोगों की बुद्धि में भूसा भर गया है.

उन्होंने इस चुनाव को रामभक्तों एवं रामद्रोहियों के बीच मुकाबला बताते हुए कहा ये वो रामभक्त हैं जिन्होंने रामलला के विराजमान होने से पहले अयोध्या में मर्हिष वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बनवाया, श्रीराम के सखा निषादराज के नाम पर प्रतीक्षालय बनवाया, माता शबरी के नाम पर भोजनालय बनवाया.

उन्होंने कहा कि ये वो राम भक्त हैं जिन्होंने प्रयागराज में निषादराज की 56 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करायी, जो निषादराज को पूरा सम्मान देते हैं, ऐसे में निषादराज का कोई भी अनुयायी रामद्रोहियों के साथ खड़ा नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि चुनाव में रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग आज आपके आंख में धूल झोंकने का प्रयास करेंगे, लेकिन आपको बहकावे में नहीं आना है. उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था, नौजवान पलायन करता था, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे.

योगी ने कहा ,” तब लगातार घटनाएं होती थी और हम संसद में मुद्दों को उठाते थे. कांग्रेस सरकार कहती थी आतंकवादी सीमा पार के हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि जबकि आज मोदी जी के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो गया है, दुनिया मे भारत का सम्मान बढ़ा है, आतंकवाद, नक्सलवाद समाप्त हुआ है, तो यह सब मोदी जी की देन है. इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन शुक्ल भी मौजूद रहे.

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश में तालिबानी शासन लाना चाहता है: योगी आदित्यनाथ
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश में तालिबानी शासन लाना चाहता है. पटना साहिब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के पक्ष में फतुहा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ”कांग्रेस और ‘इंडिया’ का घोषणा पत्र कहता है कि अगर उसकी सरकार आई तो पर्सनल लॉ लागू कर देंगे. रविशंकर जी ने जिस लड़ाई को अदालत में लड़कर तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करवाया. ये चाहते हैं कि तीन तलाक प्रथा फिर से चालू हो जाए.” उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ”तालिबानी शासन” लाना चाहता है जिसमें ”महिलाओं को स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों में जाने की आजादी नहीं होगी और उन्हें हमेशा बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया जाएगा”.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरखपुर स्थित गोरक्षधाम मंदिर के महंत योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद ”राम-भक्त (भाजपा) मथुरा में भगवान कृष्ण का एक भव्य मंदिर बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं. कांग्रेस और बिहार में उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इसे कभी पूरा नहीं कर सकती क्योंकि उन्हें वोट (मुसलमानों के) चाहिए.” उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन दलितों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण ”छीनकर” और इसे कथित तौर पर मुसलमानों को देना चाहता है, लेकिन देश बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान के अनुसार चलेगा जो धर्म के आधार पर आरक्षण प्रदान नहीं करता है”.

उन्होंने हाल ही में कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसले का भी हवाला दिया, जिसमें पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार द्वारा कई मुस्लिम उप-समूहों को दिए गए ओबीसी दर्जे को रद्द कर दिया गया था. तृणमूल कांग्रेस ”इंडिया का घटक” दल है. भाजपा नेता ने दावा किया कि जब से उन्होंने 2017 में सत्ता संभाली है ”गुंडे दया की भीख मांग रहे हैं, अपने पुराने गैरकानूनी धंधे छोड़ने और दूसरा कारोबार शुरू करने का वादा कर रहे हैं. जो लोग खुद को सुधारना नहीं चाहते उनका राम नाम सत्य हो जाता है. जमीन हड़पने वालों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया जाता है.”

उन्होंने आतंकवाद को खत्म करने का श्रेय भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया और दावा किया, ”अब अगर देश में कहीं भी पटाखे फोड़े जाते हैं तो पाकिस्तान यह कहता नजर आता है कि इसमें उसका कोई हाथ नहीं है. उसे समझ आ गया है कि यह नया भारत है जो आक्रामक नहीं होगा लेकिन कोई उपद्रव होने पर छोड़ेगा भी नहीं.” योगी ने आरोप लगाया, ”इस परिदृश्य की तुलना अतीत से करें. कांग्रेस की सरकारें सुबह घोटाला करती थीं और शाम होते-होते आतंकी हमला हो जाता था. सरकार ऐसी सभी घटनाओं को यह कहकर टाल देती थी आतंकवादी सीमा पार से आए थे और इसलिए कुछ नहीं किया जा सकता.”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस और राजद की सरकार के कार्यकाल के दौरान अयोध्या और काशी में आतंकी हमला हुआ करते थे. पटना में सिलसिलेवार धमाके भी हुए.” योगी ने कहा, ”मैं पाकिस्तान का राग अलापने वाले कांग्रेस और राजद के लोगों से कहना चाहता हूं काहे भारत पर बोझा बने हुए हो. जाओ पाकिस्तान. हिंदुस्तान में मोदी जी तो 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दे रहे हैं, पाकिस्तान में तो कोई भीख भी नहीं देगा क्योंकि वहां खुद लोग भूखे मर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”जितनी पाकिस्तान की आबादी है उससे बड़ी आबादी को मोदी जी ने 10 वर्ष में गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है.” योगी का आरा में एक और चुनावी रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है, जहां से केंद्रीय मंत्री आर.के सिंह चुनाव लड़ रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu