सरकार गठन से पहले आज होगी राजग की बैठक…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 01:31 PM
सरकार गठन से पहले आज होगी राजग की बैठक…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेताओं की बुधवार को एक बैठक होने की संभावना है जिसमें लोकसभा चुनाव के नतीजों का जायजा लिया जाएगा और सरकार गठन पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि जनता दल (यूनाइटेड) नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू भी इस बैठक में शामिल होंगे। इन दोनों नेताओं के अलावा भाजपा और उसके अन्य सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं के भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है।

उम्मीद की जा रही है कि ये नेता लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देंगे और उनके साथ नई सरकार के गठन पर चर्चा करेंगे। इस बार नयी सरकार की सूरत बदली-बदली नजर आने की संभावना है क्योंकि भाजपा को अपनी बदौलत बहुमत नहीं मिला है और उसे अपने सहयोगियों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

राजग 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के 272 के आंकड़े को पार कर गया है, जबकि भाजपा 2014 के बाद पहली बार बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे रह गई है। तेदेपा, जदयू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ ंिशदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और चिराग पासवान नीत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने क्रमश: 16, 12, सात और पांच सीट जीती हैं और ये सरकार गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav