प.बंगाल रेल दुर्घटना: खरगे ने रेल मंत्रालय के ‘घोर कुप्रबंधन’ को लेकर मोदी सरकार की आलोचना की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 17 Jun 2024 03:28 PM
प.बंगाल रेल दुर्घटना: खरगे ने रेल मंत्रालय के ‘घोर कुप्रबंधन’ को लेकर मोदी सरकार की आलोचना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल में ट्रेन दुर्घटना में कई यात्रियों की मौत पर सोमवार को शोक जताया और रेल मंत्रालय के ‘घोर कुप्रबंधन’ का जिक्र करते हुए नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि वह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन से एक मालगाड़ी की टक्कर से बेहद व्यथित हैं जिससे कई यात्रियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। खरगे ने कहा, ‘‘दुर्घटना के दृश्य हृदय विदारक हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में, हम उनमें से प्रत्येक के प्रति अपनी एकजुटता और संवेदना व्यक्त करते हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

उन्होंने मांग की कि पीड़ितों को तत्काल पूरा मुआवजा प्रदान किया जाना चाहिए। खरगे ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार रेल मंत्रालय के ‘घोर कुप्रबंधन’ में लिप्त रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में यह रेखांकित करना उनकी पार्टी का कर्तव्य है कि कैसे मोदी सरकार ने रेल मंत्रालय को व्यवस्थित रूप से ‘कैमरा-संचालित’ स्व-प्रचार के मंच में बदल दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज की त्रासदी इस कटु वास्तविकता की एक और यादगार घटना है। पश्चिम बंगाल के रंगापानी स्टेशन के पास सोमवार को सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस से एक मालगाड़ी की टक्कर के कारण कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और लगभग 60 अन्य घायल हो गए।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav