कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 17 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए : भजनलाल शर्मा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 07:17 PM
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 17 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए : भजनलाल शर्मा
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रश्नपत्र लीक मामले में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 19 में से 17 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए थे. उन्होंने कहा, ”पिछली सरकार के कार्यकाल में 19 में से 17 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए थे, जिसे हमने गंभीरता से लिया है और हमने इसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की और उसने काम करना भी शुरू कर दिया है.”

मुख्यमंत्री ने कहा, ” पिछली सरकार ने हमारी युवा शक्ति को निराशा की गर्त में धकेल दिया था. प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से कड़ी मेहनत करने वाले ईमानदार विद्यार्थियों का मनोबल टूट गया था.” उन्होंने कहा, ”हमारी सरकार बनते ही प्रश्नपत्र लीक के मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई. भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक व अन्य अनियमितताओं के संबंध में एसआईटी ने ठोस कार्रवाई करते हुए 108 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपनों को तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. शर्मा ने रविवार को जयपुर में संत जनों की उपस्थिति में राजपुरोहित ग्लोबल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (राजपुरोहित छात्रावास) के उदघाटन समारोह के अवसर पर यह बात कही.

उन्होंने कहा, ” प्रश्नपत्र लीक मामले में लगभग 108 लोगों को गिरफ्तार किया गया हैङ्घ ये वो लोग हैं जिन्होंने युवाओं के सपनों को चकनाचूर किया. हमने जनता के बीच जाकर कहा था कि जिन्होंने युवाओं के सपनों को चूर-चूर किया है हम उनकों छोड़ने वाले नहीं है.” उन्होंने कहा, ”अभी तो आप देखते जाइये अभी तो 108 गिरफ्तार हुए है आने वाले समय में कोई भी हो.. कैसा भी हो किसी को बख्शा नहीं जायेगा.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए इस वर्ष लगभग 70 हजार पदों पर र्भितयां की जा रही हैं. युवाओं को निजी क्षेत्र में ‘करिअर’ निर्माण में मार्गदर्शन देने के लिए प्रदेश के समस्त संभाग मुख्यालयों पर युवा साथी केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”पिछली सरकार ने हमारे युवाओं को निराशा और गर्त में धकेलने का काम कियाङ्घ आये दिन प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं होती थीं.. हमने हमारे संकल्प पत्र में वादा किया था कि किसी भी प्रश्नपत्र को लीक नहीं होने देंगे और जिस तरह से प्रश्नपत्र लीक हुआ है उनको हम बख्शेंगे नहीं.” उन्होंने कहा कि अगर अयोग्य व्यक्ति जब महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचेगा तो वह नुकसान पहुंचायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता में शामिल हैं और युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में पहचान कर उनके लिए अनेक कदम उठाए गए हैं.

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री शिक्षा प्रणाली को रोजगारोन्मुख बनाने, युवाओं को 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाने और उन्हें वैश्विक नागरिक के रूप में तैयार करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लेकर आए हैं. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में उच्च शिक्षा संस्थानों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक संभाग में राजस्थान स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी, राजस्थान स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस स्थापित कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu