भाजपा और मीडिया का एक वर्ग पश्चिम बंगाल को बदनाम कर रहा है: ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Jul 2024 06:49 PM
भाजपा और मीडिया का एक वर्ग पश्चिम बंगाल को बदनाम कर रहा है: ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल में उत्तर 24 परगना जिले के अरियादाह में हुई भीड़ के हमले की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा और मीडिया के एक वर्ग पर राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया. कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने कहा कि दो साल पुरानी जिस घटना का वीडियो वायरल हुआ है, वह उस समय हुई थी जब अर्जुन सिंह बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद थे.

उन्होंने टीवी चैनलों के एक वर्ग पर बुधवार के उपचुनाव से पहले भाजपा के इशारे पर वह पुराना वीडियो बार बार दिखाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “मीडिया का एक वर्ग और भाजपा बंगाल में मिली हार को पचा नहीं पा रही, इसलिए राज्य को बदनाम करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने जो कांड किया, वह बंगाल के मूल्यों के अनुरूप नहीं है. उन्होंने 2021 की एक घटना के बारे में लगातार 72 घंटे तक एकतरफा खबर पेश की.” टीएमसी प्रमुख ने दावा किया कि कुछ टीवी चैनल सीबीआई-ईडी छापों के डर से भाजपा के पक्ष में पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “कुछ समाचार चैनल लोगों को गुमराह कर रहे हैं. वे भाजपा के मुखपत्र बन गए हैं. अगर मीडिया जांच करना चाहता है, तो राज्य सचिवालय में लोग हैं. वे वास्तविक स्थिति जानने के लिए पुलिस से जांच करा सकते हैं. यहां तक ??कि जब पुलिस कुछ जानकारी दे रही है, तो उसके बारे में भी नहीं बताया जा रहा.”

बनर्जी ने कहा, “यह इतने लंबे समय तक नहीं चल सकता. मैं उनसे ऐसा न करने का अनुरोध कर रही हूं. अगर अनुरोध से काम नहीं चला तो मैं कानूनी कदम उठाऊंगी.” अरियादाह में एक लड़की पर लोगों के एक समूह द्वारा हमला करने का पुराना वीडियो क्लिप सामने आने के बाद, पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और स्थानीय टीएमसी नेता तथा मुख्य संदिग्ध जयंत सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu