
मुंबई. शिवसेना सांसद संजय राउत ने शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता नवाब मलिक को अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से संबंधित ‘क्रूज पर मादक पदार्थ की बरामदगी’ मामले के पीछे के ‘फर्जीवाड़े’ को उजागर करने के लिए बधाई दी. कोल्हापुर में राउत ने संवाददाताओं से कहा कि मलिक इस मामले के पीछे के ‘फर्जीवाड़े’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘असली चेहरे’ को बेनकाब करने की कीमत चुका रहे हैं.
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने ‘क्रूज पर मादक पदार्थ की बरामदगी’ मामले में आर्यन खान को क्लीनचिट दे दी. मामले में आर्यन गिरफ्तार किए गए थे और उन्हें 22 दिन जेल में रहना पड़ा था. एनसीबी अधिकारियों ने कहा कि आर्यन और पांच अन्य का नाम ‘‘पर्याप्त सबूतों के अभाव’’ के कारण एजेंसी के आरोप पत्र में नहीं है. इसके बाद, सरकार ने समीर वानखेड़े के खिलाफ मामले की कथित तौर पर लचर जांच करने को लेकर कार्रवाई करने का आदेश दिया है.



