बंगाल : नकली सोने की मूर्तियां बेचने वाले व्यक्ति के घर के नीचे नहर को जोड़ने वाली सुरंग मिली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 09:09 PM
बंगाल : नकली सोने की मूर्तियां बेचने वाले व्यक्ति के घर के नीचे नहर को जोड़ने वाली सुरंग मिली
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में पुलिस ने कथित रूप से नकली सोने की मूर्तियां बेचने वाले व्यक्ति के घर के नीचे एक सुरंग का पता लगाया जो पास की एक नहर से जुड़ती है. यह नहर मतला नदी में मिलती है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

आरोपी की पहचान सद्दाम सरदार के रूप में हुई है और संदेह है कि उसने सोमवार को पुलिस की छापेमारी के दौरान भाग निकलने के लिए इस सुरंग का इस्तेमाल किया था. अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिली थी कि सरदार ने सोशल मीडिया पर नकली सोने की मूर्तियां बेचकर कई लोगों को ठगा और कई लोगों से जिस सामान के लिए पैसे लिए उन्हें वह नहीं दिया. अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को कुलतली क्षेत्र के केउराखाली गांव में आरोपी के घर पर छापा मारा.

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने शुरुआत में सरदार को पकड़ लिया था लेकिन महिलाओं और उसके भाई सहित परिवार के सदस्यों ने पुलिस के साथ हाथापाई कर उसे भागने में मदद की. पुलिस के मुताबिक, सरदार के भाई ने कथित तौर पर हवा में कई गोलियां चलाईं. अधिकारी ने बताया कि सरदार फरार हो गया है और उसे पकड़ने के लिए एक अभियान शुरू किया गया हालांकि उसके परिवार की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया.

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने सुरंग का पता लगाया. अधिकारी ने बताया कि ऐसा संदेह है कि किसी भी स्थिति में आरोपी के भागने के लिए ही सुरंग खोदी गई थी. अधिकारी ने बताया कि सरदार के परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और कैनिंग व बसंती सहित पड़ोसी इलाकों में सरदार की तलाश की जा रही है. पुलिस ने घटना के संबंध में स्वत? संज्ञान लेते हुए मुकदमा भी दर्ज किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu