डोडा मुठभेड़, पाक समर्थित आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देगा भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 09:23 PM
डोडा मुठभेड़, पाक समर्थित आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देगा भारत
ऑडियो सुनें

रांची: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में जवानों की शहादत का जिक्र करते हुए मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान सर्मिथत आतंकवाद का भारत मुंहतोड़ जवाब देगा. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए एक अधिकारी समेत सेना के चार जवान शहीद हो गए.

आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में जवानों की शहादत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”पाकिस्तान सर्मिथत आतंकवाद का भारत मुंहतोड़ जवाब देगा. जम्मू-कश्मीर में शांति बहाल हो गई है और इसे बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है. हम पाकिस्तान की हर साजिश का मुकाबला करेंगे.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी शर्मा कार्यकर्ता सम्मान समारोह और विजय संकल्प सभाओं में भाग लेने के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं. शर्मा ने आज तोरपा और खूंटी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मान समारोह और विजय संकल्प सभाओं में भाग लिया.

उन्होंने झारखंड में नौ लोकसभा सीटें हासिल करने में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की.
शर्मा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आलोचना करते हुए उन पर आदिवासियों की उपेक्षा करने और भ्रष्ट आचरण में लिप्त होने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”वह (हेमंत) आदिवासियों के नेता नहीं हैं, बल्कि कुर्सी के पीछे भागने वाले नेता हैं. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को हटाकर यह साबित कर दिया है.” शर्मा ने आरोप लगाया, ”उन्हें (चंपई सोरेन) इसलिए हटाया गया क्योंकि हेमंत सोरेन के आसपास रहने वाले नेताओं को पता था कि चंपई उन्हें भ्रष्टाचार नहीं करने देंगे.” इससे पहले, रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”झारखंड में मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर कर भाजपा फिर से ‘डबल इंजन’ की सरकार बनाएगी.” बुधवार को वह रांची स्थित भाजपा मुख्यालय में विजय संकल्प सभा के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. भाजपा की प्रदेश इकाई हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में मिली सफलता का जश्न मनाने के लिए छह जुलाई से विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मान समारोह और विजय संकल्प सभाओं का आयोजन कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu