
बेरूत/बीजिंग. ईरान की राजधानी में तड़के किये गये एक हवाई हमले में हमास के नेता इस्माइल हनियेह की हत्या कर दी गई. ईरान और उग्रवादी समूह हमास ने बुधवार को यह जानकारी दी. ईरान के राष्ट्रपति के शपथग्रहण में शिरकत के बाद हुई हनियेह की हत्या के लिए ईरान और हमास ने इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई ने इजराइल से बदला लेने का संकल्प जताया है.
हमास ने अपने राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख हनियेह (62) की मौत के लिए इजराइल के हवाई हमले को जिम्मेदार ठहराया. वहीं, ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने कहा कि वह हनियेह की हत्या की जांच कर रहा है. उसने यह नहीं बताया कि हत्या कैसे हुई और हनियेह को किसने मारा. फिलहाल किसी ने भी हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इसका शक इजराइल पर है, जिसने सात अक्टूबर को देश में हुए अप्रत्याशित हमले को लेकर हनियेह और हमास के विभिन्न कमांडरों को मारने का संकल्प लिया था. इजराइल ने अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा, “हम उनकी (हनियेह) हत्या का बदला लेने को अपना कर्तव्य मानते हैं.” खामनेई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि इजराइल ने “हमारे देश में एक प्रिय अतिथि” की हत्या करके “अपने लिए एक कठोर दण्ड की तैयारी कर ली है.” इससे पहले हमास ने बताया कि हनियेह समूह के अन्य अधिकारियों और हिजबुल्ला तथा सहयोगी समूहों के अन्य अधिकारियों के साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए तेहरान में थे. उसने बताया कि हनियेह तेहरान में अपने आवास पर इजराइली हवाई हमले में मारे गए.
हमास ने एक बयान में कहा, ”हमास फलस्तीन के महान लोगों और अरब तथा इस्लामिक देशों के लोगों तथा दुनियाभर के सभी आजाद लोगों के लिए भाई इस्माइल हनियेह को शहीद घोषित करता है.” हमास के प्रवक्ता समी अबू जुहरी ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) से बात करते हुए कहा कि हनिये की मौत से समूह पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि अतीत में आए संकटों और अपने नेताओं की हत्याओं के बाद हम और अधिक मजबूत होकर उभरे हैं.
वेस्ट बैंक में फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हनियेह की हत्या की निंदा करते हुए इसे ”कायरतापूर्ण कृत्य और खतरनाक घटनाक्रम” बताया. हनियेह ने 2019 में गाजा पट्टी छोड़ दी थी और कतर में निर्वासन में रह रहा था. गाजा में हमास का शीर्ष नेता या’ा सिनवार है, जिसने सात अक्टूबर को इजराइल पर हमले की साजिश रची थी. इस हमले में 1,200 लोग मारे गए थे और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था. अप्रैल में गाजा में इजराइल के हवाई हमले में हनियेह के तीन बेटे और चार पोते-पोती मारे गए थे.
हनियेह की हत्या ऐसे वक्त में हुई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन हमास और इजराइल को एक अस्थायी संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई संबंधी समझौते पर राजी करने का प्रयास कर रहा है. ईरान में हत्या से पहले हनियेह को नए राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण समारोह में मुस्कुराते और ताली बजाते हुए देखा गया था. एपी की तस्वीरों में उसे फलस्तीनी चरमपंथी समूह इस्लामिक जिहाद और हिजबुल्लाह के नेताओं के साथ बैठे हुए देखा गया था, और ईरानी मीडिया ने उसे और पेजेशकियन को गले मिलते हुए दिखाया था. हनियेह ने इससे पहले खामेनेई से मुलाकात की थी.
हमास ने एक बयान में कहा कि कुछ घंटों बाद, तेहरान में हनियेह के आवास पर हमला हुआ, जिसमें उनकी मौत हो गई. ईरानी अधिकारियों ने कहा कि उनके एक अंगरक्षक की भी मौत हो गई. अभी व्हाइट हाउस ने हनियेह की हत्या पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
सिंगापुर की यात्रा के दौरान हनियेह की हत्या के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, “यह एक ऐसा मामला है जिसके बारे में हमें जानकारी नहीं है और न ही हम इसमें शामिल हैं.” चैनल न्यूज एशिया से बात करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि वह संघर्ष विराम प्रयासों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में अटकलें नहीं लगाना चाहते.
उन्होंने कहा, “लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि संघर्ष विराम की अनिवार्यता बनी हुई है, जो सभी के लिए महत्वपूर्ण है.” फिलीपीन की राजधानी मनीला में तेहरान हमले के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने पत्रकारों से कहा कि उनके पास कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं है. हालांकि उन्होंने इजराइल-लेबनान सीमा पर कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जताई.
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि युद्ध अपरिहार्य है. मैं इस पर कायम हूं. मुझे लगता है कि कूटनीति के लिए हमेशा जगह और अवसर मौजूद रहता है, और मैं चाहता हूं कि सभी पक्ष उन अवसरों का लाभ उठाएं.” इस बीच, इराक की ‘पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज’ ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम बगदाद में एक अड्डे पर मंगलवार रात को हुए हमले में कताइब हिजबुल्ला मिलिशिया के चार सदस्य मारे गए. पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज, ईरान सर्मिथत मिलिशिया का एक गठबंधन है. समूह ने इस हमले के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है. हनियेह सात अक्टूबर के हमले के बाद से इजराइल के निशाने था.
गाजा में हमास के नेता सिनवार को जहां हमलों का सरगना माना जाता है तो वहीं हनियेह को संगठन में ज्यादा उदार नेता के रूप में देखा जाता था. दोनों की इजराइल पर जोरदार हमले के लिए सराहना की जाती है. मई में ईरान के दिवंगत राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के अंतिम संस्कार के दौरान अपने भाषण में हनियेह ने कहा था, “हम इस दुश्मन के खिलाफ प्रतिरोध तब तक जारी रखेंगे जब तक हम अपनी जमीन, अपनी सारी जमीन को आजाद नहीं करा लेते.”
हनियेह पर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय की भी नजर थी, जिसके मुख्य अभियोजक ने युद्ध अपराधों और मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए उसके और हमास के दो अन्य नेताओं, सिनवार व मोहम्मद देइफ. के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की थी. इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के लिए भी इस तरह के अनुरोध किए गए थे. हनियेह 2019 से कतर में स्व-निर्वासित जीवन जी रहा था और धमकियों के कारण ज्यादा यात्रा नहीं करता था. युद्ध के दौरान उसने तुर्की और ईरान का दौरा किया था. वह दोहा में रहते हुए युद्ध विराम लागू कराने और बंधकों को मुक्त कराने के लिए बातचीत में शामिल था.
गाजा के शहरी शाती शरणार्थी शिविर में जन्मा हनियेह 1987 में हमास की स्थापना के समय ही इसमें शामिल गया था. उसने समूह के संस्थापक अहमद यासीन के सहायक के रूप में काम किया था और आने वाले वर्षों में उसका कद बढ़ा. 2017 में वह खालिद मशाल की जगह हमास का शीर्ष राजनीतिक नेता बना. हनीयेह बहुत धार्मिक था और उसने विश्वविद्यालय में अरबी साहित्य की पढ़ाई की थी.
चीन ने हमास नेता इस्माइल हनियेह की हत्या की निंदा की
ईरान के तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनियेह की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए चीन ने बुधवार को चेतावनी दी कि इस घटना से क्षेत्र में संकट और अधिक बढ. सकता है. चीन ने पिछले सप्ताह विभिन्न फलस्तीनी समूहों के बीच एकता समझौते में मध्यस्थता की थी.
ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने बुधवार को कहा कि तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनियेह की हत्या कर दी गई है. हनियेह मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए तेहरान में था. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने यहां प्रेस वार्ता में कहा कि बीजिंग हनियेह की हत्या का कड़ा विरोध करता है. लिन ने कहा, ”चीन ने हमेशा बातचीत और संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय विवादों को सुलझाने की वकालत की है.” उन्होंने कहा कि चीन इस बात को लेकर ”गहरी चिंता” में है कि इस घटना से क्षेत्र में और अधिक अशांति पैदा हो सकती है. उन्होंने संघर्ष को और अधिक बढ.ने से रोकने के लिए गाजा में व्यापक और स्थायी युद्धविराम के लिए चीन के आह्वान को भी दोहराया.



