श्रीलंका के नौसैनिक जहाज की टक्कर से भारतीय नौका पलटी, एक मछुआरे की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Aug 2024 08:19 PM
श्रीलंका के नौसैनिक जहाज की टक्कर से भारतीय नौका पलटी, एक मछुआरे की मौत
ऑडियो सुनें

चेन्नई/नयी दिल्ली. श्रीलंकाई नौसेना के जहाज की टक्कर से एक भारतीय नौका के समुद्र में पलटने से तमिलनाडु के रामेश्वरम निवासी एक मछुआरे की मौत हो गई और एक अन्य लापता हो गया. इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ”अवैध रूप से मछली पकड़ने” को लेकर श्रीलंकाई नौसेना द्वारा यांत्रिक नौका पर सवार मछुआरों को गिरफ्तार करने की कोशिश किए जाने के दौरान यह नौका पलट गई.

अधिकारी ने कहा कि नौका में टक्कर लगने पर उसमें सवार रामेश्वरम के चार मछुआरे समुद्र में गिर गए. उन्होंने कहा कि घटना में मलयसामी (59) नामक एक मछुआरे की मौत होने तथा एक अन्य के लापता होने की खबर है, जबकि दो लोगों को श्रीलंकाई अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया. अधिकारी ने कहा, ”हम समुद्र में हुई इस घटना के बारे में सूचनाएं जुटा रहे हैं तथा हम राज्य सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे.” मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मलयसामी की मौत पर दुख प्रकट किया तथा उनके परिवार के लिए 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि घोषित की.

मुख्यमंत्री ने यहां एक बयान में कहा, ”शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मैंने मलयसामी के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये दिए जाने का आदेश दिया है.” इस बीच, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि व्यक्तिगत रूप से और पत्रों के माध्यम से केंद्र से कार्रवाई करने का बार-बार अनुरोध किए जाने के बाद भी श्रीलंकाई अधिकारियों के हाथों तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी लगातार जारी है. स्टालिन ने कहा, ”यदि दूतावास स्तर पर उपयुक्त कदम उठाए गए होते तो अनेक बहुमूल्य जिंदगियां नहीं जातीं.” उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केंद्र के सामने उठाया जाएगा.

वर्तमान में 83 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की न्यायिक हिरासत में हैं : सरकार

सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया भारतीय मछुआरों को कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में पकड़ा गया है और वर्तमान में 83 भारतीय मछुआरे द्वीप राष्ट्र की न्यायिक हिरासत में हैं. विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी बताया कि चार भारतीय मछुआरे सजा काट रहे हैं और मछली पकड़ने वाली 169 भारतीय नौकाओं को श्रीलंकाई अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया है.

उनसे पूछा गया था कि क्या सरकार ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के 11 जुलाई, 2024 के पत्र के विवरण के संबंध में कोई कार्रवाई की है जिसमें श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए 80 मछुआरों और मछली पकड़ने वाली 173 नौकाओं की रिहाई का अनुरोध किया गया है.

मंत्री ने अपने जवाब में कहा, ”उपलब्ध सूचना के अनुसार, भारतीय मछुआरों को कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. वर्तमान में, 83 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की न्यायिक हिरासत में हैं; चार भारतीय मछुआरे सजा काट रहे हैं और मछली पकड़ने वाली 169 भारतीय नौकाओं को श्रीलंकाई अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया है.” उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी की सूचना मिलने के तुरंत बाद, ”राजनयिक चैनलों के माध्यम से हमारा उच्चायोग” श्रीलंका सरकार के साथ इस मामले को उठाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu