राजग 2029 में फिर सरकार बनायेगा: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Aug 2024 08:08 PM
राजग 2029 में फिर सरकार बनायेगा: अमित शाह
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के संख्या बल को लेकर सवाल उठाने पर रविवार को विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए केंद्रीय गृहमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह गठबंधन न केवल अपना कार्यकाल पूरा करेगा बल्कि 2029 में भी सरकार बनायेगा. शाह ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा में चौबीस घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने वाली परियोजना का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही.

मोदी सरकार के कामकाज को लेकर उसकी तारीफ करते हुए उन्होंने कहा,”मैं कहना चाहता हूं कि 2014 से 2024 तक का 10 वर्ष का कालखंड हमारे देश के विकास के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा .” उन्होंने ‘र्सिजकल स्ट्राइक’, ‘एयर स्ट्राइक’ जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के निरसन, अयोध्या में राममंदिर के निर्माण, रोड नेटवर्क की स्थापना तथा ब्रिटिश कालीन रेलवे स्टेशनों के स्वरूप परिवर्तन की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के पिछले 10 साल के शासनकाल में देश ने विभिन्न प्रकार की सफलताएं हासिल की हैं. शाह ने कहा कि हर क्षेत्र में देश के लोगों ने विकास का अनुभव किया है. उन्होंने कहा कि ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसी मोदी सरकार की पहलों से देश विनिर्माण का केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से लोगों ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है. उन्होंने कहा कि एक तरह से लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के कामों पर अपनी मुहर लगाई है.

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा,”मैं आपको आश्वासन देना चाहता हूं कि विपक्ष को हंगामा करने दीजिए, बस आप चिंता मत कीजिए. वर्ष 2029 में भी राजग ही सत्ता में आएगा, नरेन्द्र मोदी जी (ही सत्ता में) आएंगे.” उन्होंने कहा, ”विपक्ष को लगता है कि थोड़ी बहुत सफलता से वे चुनाव जीत गए हैं. उन्हें नहीं पता है कि (पिछले) तीन चुनावों में कांग्रेस को जितनी सीट मिलीं, भाजपा ने इस चुनाव (2024 लोकसभा चुनाव) में उससे ज्यादा सीट जीती हैं. भाजपा के पास उनके पूरे गठबंधन की कुल सीट से अधिक सीट हैं.” ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों को निशाना बनाते हुए शाह ने कहा कि अनिश्चतिता का माहौल बनाने का मंसूबा पाले ये लोग बार-बार कहते हैं कि यह सरकार नहीं चलेगी.

उन्होंने कहा, ”मैं विपक्ष के मित्रों को आश्वासन देना चाहता हूं कि यह सरकार न केवल पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी बल्कि अगला कार्यकाल भी इसी सरकार का होगा. विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहें और विपक्ष में प्रभावी ढंग से काम करना सीखें.” जलापूर्ति परियोजना के बारे में शाह ने कहा कि मनीमाजरा क्षेत्र के एक लाख से अधिक लोगों को चौबीसों घंटे जलापूर्ति मिलेगी.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना लाकर शहरों में लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि केंद्र ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चंडीगढ़ में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं.
बाद में, शाह ने आपराधिक न्याय तंत्र को मजबूत करने के लिए बनाए गए ई-साक्ष्य, न्याय सेतु, न्याय श्रुति और ई-समन प्रणालियों का भी उद्घाटन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu