राजस्थान के कई अस्पतालों को ई मेल के जरिये मिली बम की धमकी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Aug 2024 08:58 PM
राजस्थान के कई अस्पतालों को ई मेल के जरिये मिली बम की धमकी
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर के पांच अस्पतालों समेत राज्य के कई अस्पतालों को रविवार को ई-मेल के जरिए संदेश भेजकर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो अफवाह निकली. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बम निरोधक दस्ते की टीमों ने अस्पताल परिसर की जांच के लिए अस्पतालों की घेराबंदी की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. शहर के जिन अस्पतालों को बम की धमकी मिली, उनमें मोनीलेक अस्पताल, सी.के. बिड़ला अस्पताल, मानस अस्पताल, एपेक्स अस्पताल और रूंगटा अस्पताल शामिल हैं.

जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कुंवर राष्ट्रदीप ने कहा, “जयपुर के पांच अस्पतालों को इस तरह के (बम की धमकी वाले) ई-मेल मिलने की सूचना मिली है. बम निरोधक दस्ते को उन स्थानों पर भेजा गया. तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.” पुलिस ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले के ‘आईपी एड्रेस’ का पता लगाया जा रहा है.

अस्पतालों को भेजे गए ई-मेल में लिखा था, “मैंने अस्पताल की इमारत में बम रखा है. बम अस्पताल के बिस्तरों के नीचे और स्नानघर के अंदर छिपाए गए हैं. अस्पताल के अंदर मौजूद हर व्यक्ति मारा जाएगा या उसके अंग कट जाएंगे. आप में से कोई भी बच नहीं पाएगा.” ई-मेल में लिखा था, “आप खून से लथपथ हो जाएंगे. आप सभी केवल मौत के हकदार हैं. इस नरसंहार के पीछे आतंकवादी ‘चिंग और कल्टिस्ट’ का हाथ है.” राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के दो मॉल को शनिवार को इसी तरह के ई-मेल बम की धमकियां मिली थीं, जो बाद में झूठी निकलीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu