नोएडा में टायर फटने के बाद कैंटर ने खड़े ट्रक को टक्कर मारी, चार की मौत और 24 घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 20 Aug 2024 11:18 AM
नोएडा में टायर फटने के बाद कैंटर ने खड़े ट्रक को टक्कर मारी, चार की मौत और 24 घायल
ऑडियो सुनें

नोएडा: नोएडा में बैंड पार्टी को ले जा रहा एक कैंटर टायर फटने के बाद, सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार रात करीब ढाई बजे नोएडा के दनकौर इलाके में उस समय हुई जब मेरठ के तेज गढ़ी चौराहे की शर्मा बैंड पार्टी कैंटर में सवार होकर फरीदाबाद जा रही थी। बैंड पार्टी हापुड़ में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर लौट रही थी।

पुलिस ने बताया कि अचानक कैंटर का टायर फटने से चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। उन्होंने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बैंड पार्टी में करीब 30 लोग थे।

घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सोमपाल (50), रोहित (25), राजू (35) और अर्जुन (38) के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटा दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की गति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav