क्या महत्वाकांक्षाओं को शिवाजी की विरासत से ऊपर रखने के लिए माफी मांगेंगे प्रधानमंत्री: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Aug 2024 08:19 PM
क्या महत्वाकांक्षाओं को शिवाजी की विरासत से ऊपर रखने के लिए माफी मांगेंगे प्रधानमंत्री: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. कांग्रेस ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं को शिवाजी महाराज की विरासत से ऊपर रखा है. मुख्य विपक्षी दल ने सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री इसके लिए शिवाजी महाराज से माफी मांगेंगे? सिंधुदुर्ग की मालवण तहसील में राजकोट किले में 17वीं सदी के मराठा साम्राज्य के संस्थापक शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा सोमवार को अपराह्न करीब एक बजे गिर गई थी. पिछले साल चार दिसंबर को इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री जी ने पिछले साल सिंधुदुर्ग, महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की जिस प्रतिमा का अनावरण किया, वह महज 8 महीने में ढह गई. अयोध्या में भगवान का मंदिर, उज्जैन महाकाल लोक में स्प्तितषयों की मूर्तियां, नई संसद, राजमार्ग, पुल, सड़क, सुरंग जो भी बनाया, सबमें आए दिन खामी दिख जाती है.” उन्होंने कहा, ”पंडित (जवाहर लाल) नेहरू के समय भाखड़ा नंगल और हीराकुंड जैसे एक दर्जन से ज्यादा बांध बने, आईआईटी, आईआईएम, एम्स, विश्वविद्यालय और तमाम अन्य संस्थान बने, सब के सब सलामत हैं और देश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं. ”

प्रियंका गांधी ने कहा, ”भाजपा को हमारी आस्था, हमारे महापुरुषों और देश के नाम पर किए गए हर भ्रष्टाचार का जवाब देना होगा.” कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा ”जो लोग छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य, किसानों के कल्याण, अखंडता और पिछड़ों एवं वंचितों के समावेश के मूल्यों के खिलाफ खड़े थे, उनसे कभी भी उनकी विरासत का सम्मान करने की उम्मीद नहीं की जा सकती है.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री की चिरपरिचित शैली में 3 महीने के नोटिस पर जल्दबाज.ी में एक मूर्ति का निर्माण करना था, ताकि चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया जा सके. और तो और, इस घटिया काम की लागत 236 करोड़ रुपये आई.” वेणुगोपाल ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं को शिवाजी महाराज की विरासत से ऊपर रखने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज से माफी मांगेंगे? उन्होंने कहा ”क्या प्रधानमंत्री उस व्यापक भ्रष्टाचार पर सफाई देंगे जो हमने 2024 के चुनावों से पहले जल्दबाजी में किए गए उद्घाटन समारोह में देखा था?” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी उद्देश्यों के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा द्वारा उद्घाटन की गई हर चीज अब ढह रही है.

महायुति सरकार के तहत भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया : शरद पवार, उद्धव ने शिवाजी की प्रतिमा गिरने पर कहा
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने को लेकर बुधवार को एकनाथ शिंदे नीत सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि महायुति शासन के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है.

ठाकरे ने यहां शरद पवार और कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले के साथ संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तेज हवाओं के कारण प्रतिमा गिरने का सरकार का दावा ”बेशर्मी की पराकाष्ठा” है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए महा विकास आघाडी (एमवीए) एक सितंबर को दक्षिण मुंबई में हुतात्मा चौक से ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ तक एक मार्च निकालेगा. ठाकरे ने कहा कि पवार सहित, एमवीए के सभी घटक दलों के मुख्य नेता प्रदर्शन में शामिल होंगे. एमवीए के घटक दल शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस हैं.

ठाकरे ने कहा शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के खिलाफ मालवण में आज एमवीए के मोर्चा में व्यवधान पैदा कर रहे लोग मराठा योद्धा के विश्वासघाती हैं. उन्होंने एमवीए के प्रतिनिधिमंडल के राजकोट किला जाने के बाद शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प का हवाला देते हुए यह कहा. प्रतिमा गिरने का कुछ अच्छा परिणाम होने संबंधी महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर की टिप्प्णी को लेकर ठाकरे ने कहा कि इसका मतलब है कि नयी प्रतिमा बनाने के लिए एक नयी निविदा जारी की जाएगी और फिर से घोटाला होगा.

फर्रुखाबाद की घटना पर प्रियंका ने कहा: क्या अब दलित, पिछड़े, गरीब न्याय की आशा छोड़ दें

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो लड़कियों के शव बरामद किए जाने की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या अब दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब, महिलाएं, या जो भी कमजोर हैं, वे न्याय की आशा छोड़ दें.

प्रियंका गांधी ने लड़कियों के पिता का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए पोस्ट किया, ”इतनी भयावह घटना के बाद एक पिता को ये सवाल क्यों उठाने पड़ रहे हैं? क्या एक पीड़ित पिता का ये भी हक नहीं कि उसे अपनी बेटी के साथ हुए सुलूक का सच पता चल सके? आखिर प्रशासन बच्चियों के शवों को जलाने की जल्दबाजी क्यों दिखा रहा है?” उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में दो दलित लड़कियों के साथ घटी घटना पर प्रशासन का रवैया कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है.

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”हाथरस हो, उन्नाव हो या फर्रुखाबाद – सब जगह वही क्रूर कहानी दोहराई जाती है. तो क्या अब दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब, महिलाएं, या जो भी कमजोर हैं, वे न्याय की आशा छोड़ दें?” फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में जन्माष्टमी के पर्व पर मंदिर के लिए घर से निकलीं 15 और 18 वर्ष की दो सहेलियों के शव मंगलवार को एक बाग में आम के पेड़ से लटके पाए गए थे.

घटना के एक दिन बाद चिकित्सकों के एक पैनल ने बुधवार को कहा कि पोस्टमार्टम के बाद यह निष्कर्ष निकला है कि दोनों लड़कियों की मृत्यु दम घुटने से हुई है और इससे दोनों के आत्महत्या करने का संकेत मिलता है. इस बीच, एक मृतक लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आए तथ्य झूठे हैं और यह रिपोर्ट फर्जी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu