गोवा : बच्चे के अपहरण की कोशिश के आरोप में पुलिसकर्मी, ‘लाइफगार्ड’ गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 07:57 PM
गोवा : बच्चे के अपहरण की कोशिश के आरोप में पुलिसकर्मी, ‘लाइफगार्ड’ गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पणजी. उत्तरी गोवा के पेरनेम में फिरौती के लिए डेढ़ साल के एक बच्चे का अपहरण करने की कोशिश करने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल और एक ‘लाइफगार्ड’ को गिरफ्तार किया गया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने बताया कि राज्य पुलिस की भारतीय रिजर्व बटालियन से संबद्ध कांस्टेबल निकेश चारी और ‘दृष्टि मरीन’ के ‘लाइफगार्ड’ संजय नार्वेकर को शनिवार को करगाव गांव से गिरफ्तार किया गया.

दलवी ने कहा, ”शुक्रवार रात को जब बच्चा अपने घर की गैलरी में खेल रहा था, तब चारी और नार्वेकर ने उसे अगवा करने का प्रयास किया. दोनों दोपहिया वाहन पर पहुंचे और चारी ने बच्चे को उठा लिया. हालांकि, बच्चे के दादा ने शोर मचा दिया, जिससे पड़ोसी वहां पहुंच गए. उन्होंने चारी को पकड़ लिया, लेकिन नार्वेकर भागने में सफल रहा.”

दलवी ने कहा, ”महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में वेंगुर्ला के रहने वाले नार्वेकर को बाद में हिरासत में ले लिया गया. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और गोवा बाल अधिनियम के तहत अपहरण और अन्य अपराधों के आरोप लगाए गए हैं. आरोपियों ने हमें बताया है कि उनका बच्चे के माता-पिता से पैसे ऐंठने का इरादा था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu